Instagram 90 Minute Video Feature: सोशल मीडिया पर अब तक छोटे वीडियो यानी Reels के जरिए यूजर्स का ध्यान खींचने वाला Instagram अब लंबे वीडियो के क्षेत्र में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी एक नए वीडियो फॉर्मेट Features की टेस्टिंग कर रही है, जिसके तहत चुनिंदा क्रिएटर्स 90 मिनट तक के हॉरिजॉन्टल वीडियो अपलोड कर सकेंगे। इसका मकसद यूजर्स को पॉडकास्ट, इंटरव्यू और दूसरे लंबे वीडियो देखने के लिए दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने से रोकना है।

अमेरिका के कुछ क्रिएटर्स के साथ हो रही टेस्टिंग

Instagram फिलहाल इस नए फीचर की टेस्टिंग अमेरिका के कुछ क्रिएटर्स के साथ कर रहा है। इससे पहले ब्राजील में भी इसका ट्रायल किया गया था। Instagram की प्रोडक्ट वाइस प्रेसिडेंट टेसा लायंस और प्रमुख एडम मोसेरी ने एक वीडियो के जरिए इस पहल की जानकारी दी। कंपनी की योजना आने वाले समय में अमेरिका के हजारों क्रिएटर्स तक इस टेस्ट को पहुंचाने की है।

Reels से सीधे देख सकेंगे पूरा वीडियो

Features का उद्देश्य छोटे और लंबे वीडियो के बीच बेहतर कनेक्शन बनाना है। उदाहरण के लिए, अगर किसी यूजर को किसी पॉडकास्ट का छोटा हिस्सा Reel में पसंद आता है, तो वह उससे जुड़े पूरे वीडियो पर जा सकेगा। इससे यूजर्स को पूरा कंटेंट देखने के लिए YouTube या किसी दूसरी ऐप पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी लंबे वीडियो को Explore पेज और Instagram के दूसरे हिस्सों में भी रिकमेंड करने की तैयारी कर रही है। इससे क्रिएटर्स को अपने कंटेंट की पहुंच बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

YouTube से मुकाबला और कमाई की चुनौती

YouTube पर योग्य क्रिएटर्स को विज्ञापनों से होने वाली कमाई का 55 प्रतिशत हिस्सा मिलता है, जबकि Instagram पर कमाई का बड़ा जरिया ब्रांड डील और स्पॉन्सर्ड कंटेंट है। Meta Features के जरिए क्रिएटर्स को ब्रांड, फैंस और प्लेटफॉर्म से कमाई के नए अवसर देने पर काम कर रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी इस फॉर्मेट के लिए विज्ञापन से कमाई का कोई तय मॉडल घोषित नहीं किया है।

टीवी पर भी मिलेगा लंबे वीडियो का अनुभव

Instagram लंबे वीडियो को मोबाइल तक सीमित नहीं रखना चाहता। कंपनी Apple TV के लिए अपना ऐप भारत समेत कई देशों में उपलब्ध करा चुकी है और टीवी पर वीडियो देखने का अनुभव बेहतर बनाने पर काम कर रही है। इसके अलावा, Instagram Series फीचर पर भी काम कर रहा है, जिसमें संबंधित Reels को एपिसोड के रूप में जोड़ा जा सकेगा। फिलहाल Features की टेस्टिंग सीमित क्रिएटर्स के साथ हो रही है। अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो Instagram लंबे वीडियो के बाजार में YouTube को सीधी चुनौती दे सकता है

ये भी पढ़ें: 2027 में जखनिया विधानसभा सीट पर कौन मारेगा बाजी? जानिए पूरा चुनावी समीकरण!