नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस विभाग के भीतर लापरवाही और जनशिकायतों की अनदेखी को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। शिकायतों के निस्तारण में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पांच चौकी प्रभारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, तीन सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) समेत कुल 32 पुलिसकर्मी जांच के दायरे में आ गए हैं। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
शिकायतों की अनदेखी पर गिरी गाज
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बुधवार रात क्राइम मीटिंग में पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। वहीं इस बीच शिकायतों का उचित निस्तारण न करने और समय पर समाधान न करने के संदर्भ में बैठक की गई। इस दौरान शिकायतों की संख्या बढ़ने और असंतुष्ट फीडबैक के मामले सामने आए। शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से नहीं सुनने और उचित समाधान नहीं करने पर कार्रवाई की गई।
तीन ACP समेत 32 पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर 5 चौकी प्रभारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें शामिल हैं:
- अजित सिंह - चौकी प्रभारी मोरना, थाना सेक्टर-24
- अक्षय प्रताप - चौकी प्रभारी सेक्टर-12/22, थाना सेक्टर-24
- बिरजलाल - चौकी प्रभारी आरआर साइट, थाना जेवर
- कपिल पांडे - चौकी प्रभारी कस्बा सूरजपुर, थाना सूरजपुर
- अनिल कुमार - चौकी प्रभारी कचहरी सूरजपुर, थाना सूरजपुर
इसके अलावा थाना सेक्टर-113, थाना बीटा-2 और थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षकों के खिलाफ भी जांच होगी। इन चौकियों और हल्का क्षेत्रों के प्रभारियों के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं:
- ओखला चौकी, थाना सेक्टर-126
- सेक्टर-98 चौकी, थाना सेक्टर-39
- सरस्वती इंक्लेव चौकी, थाना इकोटेक-3
- कचहरी चौकी, थाना फेस-2
- कलौंदा चौकी, थाना जारचा
- सिरसा चौकी, थाना कासना
- शाहबेरी/चिपियाना चौकी, थाना बिसरख
- हल्का-1, थाना दनकौर
- हल्का-3, थाना इकोटेक-1
प्रीति यादव बनीं नोएडा जोन की पहली महिला डीसीपी
आईपीएस प्रीति यादव को नोएडा जोन का नया पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नियुक्त किया गया है। वह जोन की पहली महिला डीसीपी होंगी। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। प्रीति यादव अब साद मियां खान की जगह कार्यभार संभालेंगी। वर्ष 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीति यादव मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं।
एसीपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही के मामले में कई अन्य अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, JLN स्टेडियम के आसपास कई रास्तों पर रहेगी पाबंदी