आजकल लोग अपने साथ लैपटॉप, स्मार्टफोन और कई दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर चलते हैं। ऐसे में जब इनकी बैटरी खत्म होने लगती है, तो हर डिवाइस के लिए अलग केबल और चार्जर रखना मुश्किल हो जाता है। इसी परेशानी को कम करने के लिए भारतीय एक्सेसरीज ब्रांड Stuffcool ने अपना नया पावर बैंक Giga Pro Max पेश किया है। इसमें 20,000mAh की बैटरी और 100W तक की चार्जिंग क्षमता मिलती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसमें लगी USB-C केबल है, जिसे इस्तेमाल के बाद वापस पावर बैंक के अंदर रखा जा सकता है।
Stuffcool Giga Pro Max के फीचर्स
Stuffcool Giga Pro Max में 20,000mAh की बैटरी दी गई है, जिसकी क्षमता 77Wh है। यह PPS चार्जिंग को सपोर्ट करता है। इसके साथ ही इसमें Samsung Super Fast Charging 2.0 का सपोर्ट भी मिलता है।
इस पावर बैंक में USB-C केबल पहले से लगी हुई है, यानी आपको हर बार अपने साथ अलग चार्जिंग केबल रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस्तेमाल करते समय केबल को बाहर निकाल सकते हैं और काम पूरा होने पर उसे वापस पावर बैंक में समेट सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, इस केबल में E-marker चिप भी दी गई है।
कितनी है कीमत और कहां से खरीदें?
Stuffcool Giga Pro Max को भारत में 5,499 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। इसे Stuffcool की आधिकारिक वेबसाइट और Amazon India से खरीदा जा सकता है। हालांकि, ऑनलाइन खरीदारी के दौरान कीमत और मिलने वाले ऑफर में बदलाव हो सकता है।
डिस्प्ले पर दिखेगा बैटरी का प्रतिशत
इस पावर बैंक में डिजिटल डिस्प्ले दिया गया है, जिस पर बची हुई बैटरी का प्रतिशत देखा जा सकता है। इससे यूजर को आसानी से पता चल जाएगा कि पावर बैंक में कितनी चार्जिंग बाकी है और उसे दोबारा कब चार्ज करना है। इसमें पास-थ्रू चार्जिंग का फीचर भी मिलता है। इसकी मदद से पावर बैंक को चार्ज करते समय उससे जुड़े दूसरे डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- AI की ट्रेनिंग में OpenAI का बड़ा बदलाव, अब बिना लाइव इंटरनेट के तैयार होंगे नए मॉडल
एक साथ तीन डिवाइस कर सकेंगे चार्ज
Stuffcool Giga Pro Max में कुल 100W तक का आउटपुट मिलता है। इसकी बिल्ट-इन USB-C केबल से 65W तक की चार्जिंग मिल सकती है, जबकि अलग USB-C पोर्ट से 35W तक का आउटपुट मिलता है। इससे यूजर एक ही समय में लैपटॉप और स्मार्टफोन जैसे डिवाइस चार्ज कर सकते हैं।
इसके अलावा इसमें USB-A पोर्ट भी दिया गया है, जो 18W तक का आउटपुट देता है। बिल्ट-इन USB-C केबल, अलग USB-C पोर्ट और USB-A पोर्ट की मदद से एक साथ तीन डिवाइस कनेक्ट किए जा सकते हैं।