दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल Nvidia एक बार फिर चर्चा में है। कंपनी के प्रमुख जेन्सेन हुआंग की वापसी ने न सिर्फ कॉरपोरेट जगत का ध्यान खींचा है, बल्कि उनकी निजी संपत्ति में भी जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी के शेयरों में आई तेजी का सीधा फायदा हुआंग की नेटवर्थ पर पड़ा है, उनकी संपत्ति एक ही दिन में 31.7 अरब डॉलर बढ़ गई।

बताया जा रहा है कि Nvidia के शेयरों में 31.5 फीसदी की तेजी आई, जिसके बाद जेन्सेन हुआंग की कुल संपत्ति बढ़कर 137 अरब डॉलर तक पहुंच गई। इस उछाल का असर ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में उनकी स्थिति पर भी दिखाई दिया। वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 13वें नंबर पर पहुंच गए।

कितनी संपत्ति के मालिक हैं जेन्सेन हुआंग?

Nvidia में वापसी के बाद हुआंग की संपत्ति में आई बढ़ोतरी ने उन्हें एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपतियों की चर्चा में ला दिया है, उनकी नेटवर्थ में एक दिन के भीतर 31.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। इसके साथ ही उनकी कुल संपत्ति 137 अरब डॉलर आंकी गई है। ब्लूमबर्ग की अमीरों की सूची में भी उन्हें नई जगह मिली है।

Nvidia में कितनी हिस्सेदारी रखते हैं हुआंग?

जेन्सेन हुआंग का कंपनी के साथ रिश्ता सिर्फ सीईओ तक सीमित नहीं है। वह Nvidia के प्रमुख शेयरधारकों में भी शामिल हैं। कंपनी में उनकी लगभग 3.6 फीसदी हिस्सेदारी बताई जाती है। यही वजह है कि Nvidia के शेयरों में होने वाला उतार-चढ़ाव उनकी निजी संपत्ति को भी प्रभावित करता है।

हुआंग को कंपनी के कामकाज में बारीकी से दखल देने वाले नेतृत्वकर्ता के तौर पर जाना जाता है। वह तकनीकी और इंजीनियरिंग से जुड़े फैसलों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia के करीब 60 वरिष्ठ अधिकारी सीधे उन्हें रिपोर्ट करते हैं। इनमें बड़ी संख्या इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग से जुड़े लोगों की है।

विवाद के बाद हुई कंपनी में वापसी

हुआंग की वापसी को लेकर सामने आई खबरों में दावा किया गया है कि निजी जीवन से जुड़े एक विवाद के खुलासे के बाद उन्होंने सीईओ पद छोड़ दिया था। हालांकि, महज दो सप्ताह बाद ही उन्होंने दोबारा कंपनी की कमान संभाल ली।

उनकी वापसी को लेकर अमेरिकी कारोबारी और राजनीतिक जगत में भी चर्चा हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया, जबकि एलन मस्क ने भी उनकी वापसी का स्वागत किया। Nvidia के शेयरों में आई तेजी ने अमेरिकी शेयर बाजार की हलचल को भी प्रभावित किया।

वापसी पर कर्मचारियों को दिया खास संदेश

सोमवार को कंपनी में लौटने पर Nvidia के कर्मचारियों ने जेन्सेन हुआंग का स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने अपने सहयोगियों के प्रति आभार जताया और कहा कि उन्हें दूसरा मौका देने के लिए सभी का धन्यवाद। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार वह पहले से बेहतर सीईओ बनने की कोशिश करेंगे।

वापसी के बाद भी सवालों से घिरे हुआंग

भले ही जेन्सेन हुआंग ने दोबारा Nvidia की जिम्मेदारी संभाल ली हो, लेकिन उनकी वापसी को लेकर विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। अमेरिकी संसद में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कई सांसदों ने इस घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं।

सांसदों की चिंता इस बात को लेकर है कि क्या बड़ी टेक कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों का प्रभाव इतना बढ़ गया है कि उनके पद से हटने या दोबारा नियुक्त होने जैसे फैसलों पर सवाल उठाना मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में हुआंग की वापसी केवल कंपनी के भीतर का मामला नहीं रह गई है, बल्कि इसने बड़ी टेक कंपनियों में नेतृत्व, जवाबदेही और कॉरपोरेट नियंत्रण को लेकर भी बहस छेड़ दी है।

ये भी पढ़ें- स्मार्टफोन और इंटरनेट होने के बाद भी डिजिटल कामों में क्यों पीछे है युवा? 40 फीसदी को नहीं आता चलाने ईमेल

जेन्सेन हुआंग ने Nvidia के CEO पद से क्यों दिया था इस्तीफा

जेन्सेन हुआंग को Nvidia के CEO पद से हटाए जाने के पीछे उनके निजी जीवन से जुड़े विवादों को वजह बताया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका संबंध कंपनी की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के साथ था साथ ही चीन से जुड़ी एक कारोबारी महिला के साथ उनके संबंधों को लेकर भी सवाल उठे थे। इन विवादों के बढ़ने के बाद हुआंग ने CEO पद से इस्तीफा दे दिया था।