आज के समय में स्मार्टफोन और इंटरनेट हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गए हैं। अब गांवों में रहने वाले लोग भी ऑनलाइन शॉपिंग, डिजिटल पेमेंट और सरकारी सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन इंटरनेट की सुविधा मिलने के बावजूद ग्रामीण इलाकों के कई युवा डिजिटल कामों में अभी भी पीछे हैं, उनके पास स्मार्टफोन और इंटरनेट तो है, लेकिन वे ईमेल जैसी जरूरी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करना नहीं जानते।
रिजर्व बैंक की एक रिपोर्ट में ग्रामीण युवाओं की डिजिटल जानकारी को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, गांवों में रहने वाले 15 से 29 साल की उम्र के करीब 40 फीसदी युवा ईमेल का इस्तेमाल करना नहीं जानते। ऐसे में सवाल उठता है कि जब गांवों तक इंटरनेट और स्मार्टफोन पहुंच चुके हैं, तो युवाओं में डिजिटल स्किल की कमी क्यों बनी हुई है?
इंटरनेट की पहुंच ज्यादा
रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में करीब 93 फीसदी युवाओं तक इंटरनेट की पहुंच है। वहीं, लगभग 83 फीसदी युवा डिजिटल डॉक्यूमेंट को एडिट करना जानते हैं, लेकिन जब बात ईमेल इस्तेमाल करने की आती है, तो यह आंकड़ा घटकर करीब 60 फीसदी रह जाता है।
इसके अलावा, देश के लगभग 94 फीसदी गांवों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा पहुंच चुकी है। वहीं, 15 साल से अधिक उम्र के करीब 76 फीसदी युवाओं के पास स्मार्टफोन हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि इंटरनेट और मोबाइल की उपलब्धता बढ़ी है, लेकिन इसके साथ जरूरी डिजिटल काम सीखने की रफ्तार उतनी तेज नहीं रही है।
ग्रामीण युवा डिजिटल स्किल में क्यों हैं पीछे?
स्मार्टफोन चलाना और इंटरनेट का इस्तेमाल करना ही पूरी डिजिटल जानकारी नहीं है। ऑनलाइन बैंकिंग करना, ईमेल भेजना, जरूरी डॉक्यूमेंट तैयार करना और सरकारी वेबसाइट पर फॉर्म भरना, इन सभी कामों के लिए अलग-अलग जानकारी और अभ्यास की जरूरत होती है।
ग्रामीण इलाकों में कई युवाओं को सोशल मीडिया, वीडियो देखने और ऑनलाइन पेमेंट करने की जानकारी तो है, लेकिन प्रोफेशनल और जरूरी डिजिटल कामों का अनुभव कम है। डिजिटल शिक्षा और सही ट्रेनिंग की कमी भी इसकी एक बड़ी वजह हो सकती है। यही कारण है कि इंटरनेट होने के बाद भी युवा उसका इस्तेमाल हर तरह के काम के लिए नहीं कर पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें-GTA 6 के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी, गेम खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
ऑनलाइन शॉपिंग और UPI पेमेंट का बढ़ रहा इस्तेमाल
रिपोर्ट में ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल पेमेंट को लेकर भी जानकारी दी गई है। इसके मुताबिक, ऑनलाइन खरीदारी करने वाले 75 फीसदी से ज्यादा लोग खाने-पीने की चीजों के बजाय दूसरे सामान खरीदते हैं।
वहीं, ऑनलाइन बैंकिंग करने वाले लोगों में करीब 87 फीसदी UPI के जरिए पेमेंट करते हैं। गोवा, सिक्किम, मिजोरम, आंध्र प्रदेश, केरल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में UPI और नेट बैंकिंग का इस्तेमाल ज्यादा देखने को मिलता है।
डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन खरीदारी बढ़ने से ग्रामीण इलाकों के छोटे कारोबारियों और दुकानदारों को भी फायदा मिल रहा है। हालांकि, डिजिटल सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए युवाओं को सिर्फ इंटरनेट चलाना ही नहीं, बल्कि ईमेल, ऑनलाइन बैंकिंग और दूसरे जरूरी डिजिटल काम भी सीखने होंगे।