नई दिल्ली: आज के डिजिटल दौर में WhatsApp हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ऑफिस के काम से लेकर निजी बातचीत तक, लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। लेकिन WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले लोगों की एक छोटी सी लापरवाही उनके निजी संदेशों और अकाउंट की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। इसी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने साइबर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है।

गृह मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि किसी व्यक्ति के WhatsApp Web का पहले से लॉग-इन और प्रमाणित सेशन दुर्भावनापूर्ण लोगों के हाथ लगने पर अकाउंट का अनधिकृत इस्तेमाल किया जा सकता है। इस खतरे को देखते हुए यूजर्स को ऑफिस, साझा और सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

आपकी निजी चैट पढ़ सकता है कोई दूसरा व्यक्ति
गृह मंत्रालय के तहत आने वाली इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने 18 नवंबर को 'Safe Use of WhatsApp Web' शीर्षक से एडवाइजरी जारी की थी।

एडवाइजरी के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को WhatsApp Web के सक्रिय सेशन तक अनधिकृत पहुंच मिल जाती है, तो वह यूजर के निजी संदेश पढ़ सकता है। इतना ही नहीं, वह यूजर की पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों को मैसेज भेज सकता है, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट तक पहुंच बना सकता है। इस तरह अकाउंट का इस्तेमाल धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों के लिए भी किया जा सकता है।

ऑफिस के कंप्यूटर पर न करें ये गलती
एडवाइजरी में सरकारी, संस्थागत, वित्तीय, गोपनीय और अन्य संवेदनशील जानकारियां WhatsApp Web के जरिए कंप्यूटर पर साझा करने से बचने की सलाह दी गई है। खासतौर पर ऐसे कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करने से सावधान रहने को कहा गया है, जिनका इस्तेमाल एक से ज्यादा लोग करते हैं।

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना लॉगआउट करने के बराबर नहीं है। काम पूरा होने के बाद यूजर को WhatsApp Web से मैन्युअल तरीके से लॉगआउट करना चाहिए।

सुरक्षित रहने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

एडवाइजरी में यूजर्स को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
काम पूरा होने के बाद हर बार WhatsApp Web से मैन्युअल लॉगआउट करें।
ऑफिस या साझा कंप्यूटर पर अपना अकाउंट लॉग-इन छोड़कर न जाएं।
साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क और होटल के बिजनेस सेंटर जैसे कंप्यूटरों पर WhatsApp Web लॉग-इन करने से बचें।
अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर अस्थायी रूप से WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करें।
ब्राउजर बंद करने से पहले अकाउंट को मैन्युअल रूप से लॉगआउट जरूर करें।

छोटी सी लापरवाही बन सकती है बड़ी मुसीबत
WhatsApp Web की सुविधा ने कंप्यूटर पर मैसेज भेजना और फाइल साझा करना आसान बना दिया है, लेकिन सुरक्षा के मामले में थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। ऐसे में यूजर्स के लिए जरूरी है कि वे अपना काम पूरा होते ही अकाउंट लॉगआउट करें और सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर निजी जानकारी साझा करने से बचें। डिजिटल दुनिया में आपकी सतर्कता ही आपके अकाउंट और निजी बातचीत की सुरक्षा की पहली दीवार है। 

और पढ़ें:  नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर यूनियन बैंक के ATM में लगी आग, मौके पर पहुंचीं दमकल की 3 गाड़ियां