GTA 6 का इंतजार कर रहे गेमर्स के लिए गेम की रिलीज बड़ी खबर है, लेकिन इसी के साथ ऑनलाइन ठगी का खतरा भी बढ़ गया है। साइबर ठग गेम के नाम का इस्तेमाल करके लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। कहीं सस्ते में गेम देने का लालच दिया जा रहा है, तो कहीं फ्री गेम कोड, खास रिवॉर्ड और क्रिप्टो टोकन के नाम पर फर्जी लिंक भेजे जा रहे हैं। ऐसे में बिना जांच-पड़ताल किए किसी लिंक पर क्लिक करना या पेमेंट करना आपको आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है। आइए जानते हैं कि GTA 6 खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है और साइबर ठगों से कैसे बचा जा सकता है।

GTA 6 के नाम पर कैसे बिछाया जा रहा है ठगी का जाल?

रिपोर्ट्स के अनुसार, GTA 6 के नाम पर इंटरनेट पर हजारों क्रिप्टो टोकन बनाए गए हैं। इनमें से बड़ी संख्या में टोकन फर्जी या संदिग्ध पाए गए। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 100 से ज्यादा अकाउंट्स के जरिए 451 पोस्ट शेयर की गईं। इन पोस्ट में फर्जी वेबसाइट और ऐप के लिंक दिए गए थे।

ठग कुछ ऐसी वेबसाइट भी बना रहे हैं, जो देखने में PlayStation Store जैसी लगती हैं। इन पर GTA 6 के अलग-अलग एडिशन सस्ते दामों में बेचने का दावा किया जाता है। गेम खरीदने के लिए यूजर्स को अपना क्रिप्टो वॉलेट कनेक्ट करने के लिए कहा जाता है। ऐसा करने पर वॉलेट में मौजूद डिजिटल करेंसी चोरी होने का खतरा रहता है।

फ्री गेम और PC डाउनलोड के नाम पर भी धोखाधड़ी

GTA 6 के नाम पर सोशल मीडिया पर फ्री गेम कोड, भारी डिस्काउंट और इनाम देने वाले मैसेज भी शेयर किए जा रहे हैं। इन मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने से यूजर नकली वेबसाइट पर पहुंच सकता है।

कुछ फर्जी वेबसाइट Google के लॉगिन पेज जैसी दिखाई देती हैं। यहां यूजर्स से उनकी ईमेल आईडी और पासवर्ड मांगे जाते हैं। जानकारी भरते ही अकाउंट के गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ जाता है।

इसके अलावा कुछ वेबसाइट GTA 6 का PC वर्जन डाउनलोड करने का दावा कर रही हैं, जबकि कंपनी की ओर से PC वर्जन की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं, गेम के नाम से मिलने वाली फर्जी Android APK फाइलें मोबाइल में खतरनाक या अनचाहे ऐप इंस्टॉल कर सकती हैं।

GTA 6 खरीदते समय इन 5 बातों का रखें ध्यान

भरोसेमंद प्लेटफॉर्म से ही खरीदें

गेम खरीदने के लिए PlayStation Store, Xbox Store या किसी अधिकृत रिटेलर का ही इस्तेमाल करें। अनजान वेबसाइट पर कम कीमत देखकर खरीदारी करने से बचें।

फ्री गेम और इनाम के लालच में न आएं

अगर कोई वेबसाइट या सोशल मीडिया अकाउंट फ्री गेम कोड, खास रिवॉर्ड या क्रिप्टो टोकन देने का दावा करता है, तो पहले उसकी सच्चाई जांचें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

अनजान वेबसाइट से क्रिप्टो वॉलेट न जोड़ें

GTA 6 खरीदने या कोई रिवॉर्ड पाने के लिए किसी अनजान वेबसाइट पर अपना क्रिप्टो वॉलेट कनेक्ट न करें। इससे आपकी डिजिटल करेंसी चोरी हो सकती है।

पेमेंट से पहले वेबसाइट का URL जांचे

किसी भी वेबसाइट पर लॉगिन या पेमेंट करने से पहले उसका एड्रेस ध्यान से देखें। नकली वेबसाइट अक्सर असली प्लेटफॉर्म जैसी दिखती हैं, लेकिन उनके URL में अंतर हो सकता है।

फर्जी PC फाइल और APK डाउनलोड न करें

GTA 6 के नाम पर मिलने वाली अनजान PC डाउनलोड फाइल या Android APK को इंस्टॉल करने से बचें। ऐसी फाइलों में वायरस या नुकसान पहुंचाने वाले सॉफ्टवेयर हो सकते हैं।

 

ये भी पढ़ें- Apple बना रहा है नया AI Agent! बिना कमांड दिए खुद करेगा सारा काम, जानिए Siri से कितना होगा अलग