उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ठठिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार बच्चों की जान चली गई, जबकि करीब 35 बच्चे घायल हो गए।
हादसा एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार दूर तक सुनाई दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को इलाज के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कही ये बात
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बस में कौशांबी के करीब 50 बच्चे और स्कूल का स्टाफ सवार था। सभी लोग मथुरा से लौट रहे थे। इसी दौरान ठठिया के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। स्कूल के प्रधानाचार्य और एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं, बाकी घायल बच्चों का इलाज तिर्वा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
ये भी पढ़ें-सौरव दास को लंदन जाने से रोका तो भड़के CJP नेता, कहा- काश बैंक लूटा...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
कन्नौज में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतक बच्चों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि मृतक बच्चों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव मदद दी जाए। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।