Top News 21 November 2026: 21 नवंबर की बड़ी खबरों में दुनिया की राजनीति से लेकर खेल और मौसम तक कई अहम अपडेट शामिल हैं। रोहिंग्या मामले में म्यांमार को बड़ा झटका लगा है, वहीं ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल बढ़ाई है। खेल जगत में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। दूसरी ओर, UP Election 2027 को लेकर बीजेपी और विपक्ष ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आइए आपको बताते है आज की ताजा खबरें
विश्व की बड़ी खबरें
म्यांमार को रोहिंग्या नरसंहार का जिम्मेदार ठहराया - अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) ने रोहिंग्या समुदाय से जुड़े मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए म्यांमार को 2017 में हुए नरसंहार का जिम्मेदार ठहराया है। अदालत ने 9-6 के बहुमत से माना कि म्यांमार ने उत्तरी रखाइन राज्य में रोहिंग्या समुदाय के खिलाफ नरसंहार से जुड़े कृत्य किए।
ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात - अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चीन के शेनझेन में त्रिपक्षीय बैठक के बाद संयुक्त शांति घोषणापत्र जारी किया है। बैठक में परमाणु हथियारों के खतरे को कम करने, वैश्विक सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय तनाव जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
भारत-जापान की दोस्ती और मजबूत - भारत और जापान ने सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबले और नई तकनीकों के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। टोक्यो में हुई चौथी भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक में दोनों देशों ने सीमा पार आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की निंदा की।
स्पोर्ट्स की बड़ी खबरें
न्यूजीलैंड के 368 रन के जवाब में भारत की मजबूत शुरुआत - भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रन पर सिमट गई। हेनरी निकोल्स ने नाबाद 175 और ग्लेन फिलिप्स ने 118 रन बनाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने चार और आकाश दीप ने तीन विकेट लिए। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी रक्षिता का बड़ा उलटफेर - भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी रक्षिता रामराज ने हांगकांग ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर किया है। 19 वर्षीय रक्षिता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में टोक्यो ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी चेन यू फेई को सीधे गेमों में 21-18, 24-22 से हराया।
गोल्फ में रौनिल कुक्कर का कमाल, पहली बार जीता PGTI खिताब - भारतीय गोल्फ खिलाड़ी रौनिल कुक्कर ने अपने करियर का पहला प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) खिताब जीत लिया है। असम के डिगबोई में आयोजित 26वें इंडियनऑयल सर्वो मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट में कुक्कर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो शॉट के अंतर से जीत दर्ज की।
यूपी चुनाव 2027 की बड़ी खबरें
यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव की गठबंधन कवायद तेज - उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने विपक्षी गठबंधन को मजबूत करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और CPI(ML) लिबरेशन के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य से मुलाकात की है।
बीजेपी ने यूपी चुनाव के लिए बनाई बड़ी रणनीति - उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए बीजेपी ने राज्य में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी अगले महीने से प्रदेश में छह जन आशीर्वाद यात्राएं निकालने की योजना बना रही है। इन यात्राओं के जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं तक पहुंचने की कोशिश होगी।
ओम प्रकाश राजभर की पार्टी और 36 सीटों पर सियासी घमासान - यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) बीजेपी से 36 विधानसभा सीटें मांग रही है।
मौसम की बड़ी खबरें
चक्रवात 'अकवान' का असर जारी, ओडिशा और बंगाल में भारी बारिश की संभावना - बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात 'अकवान' 20 नवंबर को उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के पास गोपालपुर के करीब पहुंचा। तट से टकराने के बाद इसकी ताकत कमजोर हुई है, लेकिन इसके असर से पूर्वी भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
यूपी के पूर्वी हिस्सों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पश्चिमी यूपी में घने कोहरे की चेतावनी - उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के 20 नवंबर के बुलेटिन के मुताबिक 21 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में कोहरे का असर, सुबह के समय कम हो सकती है दृश्यता - नवंबर के आखिरी दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना बढ़ रही है। मौसम विभाग ने 21 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के कुछ इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़े - 20 November 2026 Top News: युद्ध, खेल और राजनीतिक से लेकर मौसम तक, जानिए कल की ताजा खबरें