Assistant Loco Pilot Eligibility: अगर आपका सपना भारतीय रेलवे में लोको पायलट बनकर ट्रेन चलाने का है, तो यह आपके लिए शानदार करियर विकल्प हो सकता है। रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के पद पर भर्ती रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) के माध्यम से की जाती है। चयनित उम्मीदवार ट्रेनिंग और अनुभव के बाद प्रमोशन पाकर लोको पायलट बन सकते हैं। आइए जानते हैं इस नौकरी के लिए योग्यता, चयन प्रक्रिया और शुरुआती सैलरी कितनी होती है।
लोको पायलट बनने के लिए योग्यता
असिस्टेंट लोको पायलट बनने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में ITI सर्टिफिकेट या एक्ट अप्रेंटिसशिप होना चाहिए। इसके अलावा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा या डिग्री वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा सामान्य वर्ग के लिए 18 से 30 वर्ष निर्धारित है। OBC को 3 साल और SC/ST को 5 साल की छूट मिलती है। उम्मीदवारों को रेलवे का A-1 मेडिकल स्टैंडर्ड भी पूरा करना होता है।
कैसे होता है चयन? जानें परीक्षा पैटर्न
RRB ALP की चयन प्रक्रिया में CBT-1, CBT-2, कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट शामिल हैं। CBT-1 में 60 मिनट में 75 प्रश्न हल करने होते हैं। इसमें गणित, रीजनिंग और सामान्य विज्ञान से सवाल पूछे जाते हैं। CBT-2 में दो भाग होते हैं। पार्ट-A में 100 प्रश्न और पार्ट-B में संबंधित ट्रेड के 75 प्रश्न होते हैं। पार्ट-B में कम से कम 35 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। लिखित परीक्षाओं में गलत उत्तर देने पर एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग होती है।
कितनी मिलती है शुरुआती सैलरी?
रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट का पद सातवें वेतन आयोग के पे-मैट्रिक्स लेवल-2 में आता है। इसका शुरुआती बेसिक वेतन 19,900 रुपये प्रति माह है। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, ट्रांसपोर्ट अलाउंस, नाइट ड्यूटी अलाउंस और रनिंग अलाउंस जैसे लाभ मिलते हैं। इन सभी को मिलाकर शुरुआती इन-हैंड सैलरी लगभग 30,000 से 38,000 रुपये प्रतिमाह हो सकती है।
ऐसे करें तैयारी
इस परीक्षा में सफलता पाने के लिए गणित, रीजनिंग, सामान्य विज्ञान और अपने ITI ट्रेड के विषयों पर मजबूत पकड़ बनाएं। नियमित मॉक टेस्ट दें, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। साथ ही मेडिकल फिटनेस और आंखों की जांच को भी नजरअंदाज न करें।
ये भी पढ़ें: CSIR NET दिसंबर परीक्षा की तारीखों का ऐलान, देखें किस दिन होगा एग्जाम