लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे होने के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उनके कार्यकाल में देश में आए बदलावों और विकास की तस्वीर सामने रखी। लखनऊ में आयोजित 'सेवा ज्योति यात्रा–विकसित भारत संकल्प सभा' को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज भारत के युवा आत्मविश्वास से भरे हैं और देश रोजगार देने वाले अवसरों के साथ-साथ तकनीक, रेलवे, रक्षा और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनका असर आम आदमी की जिंदगी में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश में 2.5 लाख से ज्यादा स्टार्टअप हैं, जो युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी दे रहे हैं।
युवा शक्ति को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के युवाओं में आज पहले से कहीं ज्यादा आत्मविश्वास है। उनकी प्रतिभा देश की ताकत बन रही है और उनका आत्मविश्वास भारत की क्षमता को बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इकोसिस्टम ने युवाओं के लिए नौकरी तलाशने के साथ-साथ खुद रोजगार पैदा करने के रास्ते भी खोले हैं। यह बदलाव देश की बदलती अर्थव्यवस्था और नई पीढ़ी की सोच को दिखाता है।
मीटर गेज से वंदे भारत तक का सफर
मुख्यमंत्री ने रेलवे के आधुनिकीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय देश का बड़ा रेलवे नेटवर्क मीटर गेज तक सीमित था, लेकिन आज भारत ब्रॉड गेज लाइनों और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसे आधुनिक रेल नेटवर्क की ओर बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन सेवाएं भारतीय रेलवे को विश्वस्तरीय नेटवर्क की दिशा में ले जा रही हैं।
योगी ने कहा कि बदलाव सिर्फ रेलवे तक सीमित नहीं है। आज हवाई यात्रा भी आम लोगों की पहुंच में आ रही है। उन्होंने कहा कि कभी साधारण रबर की चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज से सफर करने का सपना देखता था, लेकिन आज यह सपना हकीकत बन चुका है।
'एक जिला, एक माफिया' से 'एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज'
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश ने बीते वर्षों में एक बड़ा बदलाव देखा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 'एक जिला, एक माफिया' का दौर खत्म होकर 'एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज' तक पहुंच गया है।
योगी ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों की अपनी पहचान और विशेष खान-पान भी अब सामने आ रहा है। उनके मुताबिक, कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ विकास की रफ्तार ने प्रदेश की तस्वीर बदलने में भूमिका निभाई है।
सेमीकंडक्टर से रक्षा उत्पादन तक आत्मनिर्भर बन रहा भारत
सीएम योगी ने भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में हो रही प्रगति को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि देश में 12 से ज्यादा बड़ी सेमीकंडक्टर परियोजनाएं या तो काम कर रही हैं या बड़े निवेश को आकर्षित कर रही हैं। एक समय अगर दुनिया भारत को चिप देना बंद कर देती तो इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर बुरी तरह प्रभावित हो सकता था। लेकिन अब भारत अपनी सेमीकंडक्टर क्षमता विकसित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में भी भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत अब हजारों करोड़ रुपये के रक्षा उपकरण वैश्विक बाजार में निर्यात कर रहा है।
जनधन से DBT तक, सीधे खाते में पहुंच रहा पैसा
योगी आदित्यनाथ ने मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY) और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) को खास तौर पर रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जब जनधन खाते खोलने और 'डिजिटल इंडिया' की बात शुरू हुई थी, तब इन योजनाओं का मजाक उड़ाया गया था। सवाल उठाए गए थे कि क्या देश में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा जा सकता है। लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि DBT के जरिए दिल्ली या लखनऊ से भेजी जाने वाली सरकारी सहायता सीधे गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और श्रमिकों के बैंक खातों तक पहुंच रही है। इससे सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगाने में मदद मिली है।
7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ 25 साल का सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी। इसके बाद उनका राजनीतिक सफर लगातार आगे बढ़ता गया और 25 वर्षों से वह सरकार के मुखिया के तौर पर सक्रिय हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक का यह सफर भारतीय राजनीति के सबसे लंबे और महत्वपूर्ण राजनीतिक अध्यायों में गिना जाता है। मोदी के 25 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी और उसके नेताओं की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।