पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है। इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। ईरान के मुताबिक, मिसाइल और ड्रोन की मदद से अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के दो रडार को निशाना बनाया गया।

ईरान ने इस कार्रवाई को अपने हवाई क्षेत्र में कथित अमेरिकी दखल और हेंगम द्वीप पर स्थित रडार ठिकाने पर हुए हमले का जवाब बताया है। वहीं, खाड़ी क्षेत्र में तेल टैंकरों पर हमलों और अमेरिकी ड्रोन गिराने के दावों ने हालात को और गंभीर बना दिया है।

बहरीन में अमेरिकी रडार सिस्टम को निशाना बनाने का दावा

IRGC के अनुसार, ईरानी सेना ने बहरीन के अल-रफा और अवाली एयरबेस पर तैनात अमेरिकी वायु रक्षा रडार सिस्टम पर हमला किया। दूसरी तरफ, बहरीन के अधिकारियों ने बताया कि हमले के दौरान एक औद्योगिक प्रतिष्ठान को नुकसान पहुंचा और वहां आग लग गई। घटना के बाद दमकल विभाग और नागरिक सुरक्षा की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

बहरीन प्रशासन ने कुछ समय बाद लोगों के लिए जारी आपातकालीन चेतावनी हटा ली और हालात सामान्य होने की जानकारी दी। हालांकि, लोगों से अभी भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।

ईरान की इजरायल को कड़ी चेतावनी

ईरान ने साफ संकेत दिए हैं कि उसके बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ तो वह इजरायल को निशाना बना सकता है। ईरानी संसद की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने कहा कि ऐसे किसी भी हमले का जवाब इजरायल के ठिकानों पर कार्रवाई करके दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की चेतावनियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। जरूरत पड़ने पर तेहरान इन बयानों को कार्रवाई में बदल सकता है।

होर्मुज जलडमरूमध्य के पास तेल टैंकर में लगी आग

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच समुद्र में भी हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। ईरानी नौसेना के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया। इसके बाद जहाज में आग लग गई।

इसके अलावा, ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने ओमान के खासाब इलाके के उत्तर और पूर्व में दो तेल टैंकरों पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला होने की जानकारी दी है। इन घटनाओं के बाद अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य पर दुनिया की नजर है, क्योंकि यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का कारोबार होता है।

दो अमेरिकी ड्रोन गिराने का ईरान का दावा

IRGC ने दावा किया है कि उसने अलग-अलग घटनाओं में अमेरिका के दो ड्रोन मार गिराए हैं। इनमें MQ-9 और MQ-1 प्रीडेटर ड्रोन शामिल हैं। ईरान का कहना है कि दोनों ड्रोन को होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर निशाना बनाया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।

सऊदी अरब ने बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में किया नष्ट

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच सऊदी अरब ने भी एक मिसाइल हमले की कोशिश नाकाम करने का दावा किया है। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के मुताबिक, यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से पश्चिमी सऊदी अरब की तरफ दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोक दिया गया।

इस घटना के बाद मक्का प्रांत में कुछ समय के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया था। हालांकि, बाद में इसे वापस ले लिया गया। दूसरी ओर, हूती संगठन के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने मक्का को निशाना बनाने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि संगठन की सैन्य कार्रवाई तेल से जुड़े ठिकानों और सैन्य प्रतिष्ठानों तक सीमित है।

ये भी पढ़ें-कनाडा से तेल-गैस खरीदेगा भारत? मोदी के दौरे से पहले व्यापार समझौते पर तेज हुई चर्चा

यूरेनियम भंडार दूसरे देश भेजने को तैयार नहीं ईरान

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा कि अगर ईरान की शर्तें स्वीकार कर ली जाती हैं तो तेहरान इस अहम समुद्री रास्ते को फिर से खोलने पर विचार कर सकता है। हालांकि, उन्होंने 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार को किसी दूसरे देश में भेजने से साफ इनकार कर दिया है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी टकराव के बीच इन बयानों और घटनाओं ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया है। अब पूरी दुनिया की नजर इस बात पर है कि दोनों देशों के बीच हालात बातचीत से सुधरते हैं या सैन्य टकराव और गंभीर रूप लेता है।