भारत और कनाडा के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। दोनों देश व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को जल्द पूरा करना चाहते हैं। इसी सिलसिले में नई दिल्ली में दोनों देशों के बीच बातचीत का छठा दौर संपन्न हो गया है। बैठक में कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी है, जबकि कुछ विषयों पर समझौते को अंतिम रूप भी दिया जा चुका है।

अब दोनों देश ऑनलाइन बैठकों के जरिए आगे की चर्चा करेंगे। कोशिश है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दिसंबर दौरे के दौरान व्यापार, निवेश और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को लेकर बड़ी घोषणा की जा सके।

11 और 12 दिसंबर को कनाडा जा सकते हैं पीएम मोदी

भारतीय उच्चायोग ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को इस यात्रा का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया। मंत्रालय ने भारत-कनाडा व्यापार वार्ता के छठे दौर के पूरा होने की पुष्टि जरूर की है।

10 दिन तक चली दोनों देशों के बीच बातचीत

भारत और कनाडा के बीच CEPA को लेकर आमने-सामने की बातचीत 11 से 20 नवंबर तक नई दिल्ली में हुई। इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने व्यापार समझौते से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। शुक्रवार को बातचीत पूरी होने के बाद भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और कनाडा के उपमंत्री ग्लेन प्यूर्व्स ने अब तक हुई प्रगति का जायजा लिया।

वार्ता से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, समझौते के कई हिस्सों पर दोनों देश सहमति के करीब पहुंच चुके हैं। कुछ अध्यायों को अंतिम रूप भी दिया गया है। भारतीय टीम की अगुवाई मुख्य वार्ताकार बृज मोहन मिश्रा ने की, जबकि कनाडा की तरफ से मैरी-कैथरीन स्पीयर्स ने बातचीत का नेतृत्व किया।

किन मुद्दों पर बनी सहमति?

इस दौर की बातचीत में व्यापार और निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। दोनों देशों ने वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार, उत्पादों के मूल स्थान के नियम, व्यापारिक विवादों के समाधान, बौद्धिक संपदा अधिकार और निवेश बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, सभी वार्ता समूहों के बीच बातचीत सकारात्मक और उपयोगी रही। दोनों देश चाहते हैं कि नेताओं की ओर से तय समयसीमा के अनुसार इस समझौते को जल्द पूरा किया जाए। अधिकारियों की बैठक में अब तक हुई प्रगति के साथ पूरे समझौते की स्थिति पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों का कहना है कि समझौता ऐसा होना चाहिए, जिससे किसानों, उद्योगों, व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को फायदा मिले। खासतौर पर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) के लिए नए अवसर पैदा करना भी इसका अहम उद्देश्य है।

ऊर्जा के क्षेत्र में भी बढ़ेगा सहयोग

भारत और कनाडा सिर्फ व्यापार तक ही अपने रिश्तों को सीमित नहीं रखना चाहते। दोनों देश ऊर्जा क्षेत्र में भी साझेदारी बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रस्तावित योजना के तहत भारत कनाडा से कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस खरीद सकता है। वहीं, भारत की ओर से कनाडा को रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति की जा सकती है। इससे दोनों देशों के बीच ऊर्जा का दोतरफा कारोबार बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा तकनीक, सुरक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें-खाटूश्याम के दर्शन कर लौट रहा परिवार का हुआ सड़क हादसा, 9 लोगों की हुई मौत; कई घायल

भारत और कनाडा के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित CEPA दोनों देशों के आर्थिक संबंधों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इससे व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुल सकते हैं। साथ ही, दोनों देशों को अपनी आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने और दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल सकती है। फिलहाल दोनों देश बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं। आने वाले दिनों में ऑनलाइन बैठकों के जरिए बाकी मुद्दों को सुलझाने की कोशिश होगी, ताकि समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप दिया जा सके।