CSIR UGC NET दिसंबर 2026 परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने दिसंबर सत्र की परीक्षा का विषयवार शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी नोटिस के मुताबिक परीक्षा का आयोजन 19, 22 और 27 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। खास बात यह है कि परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी सीबीटी मोड में होगी और इसे दो शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को अब अपनी तैयारी के साथ-साथ परीक्षा की तारीख और शिफ्ट का भी खास ध्यान रखना होगा।

5 विषयों के लिए जारी हुआ शेड्यूल

एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सीएसआईआर यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा में कुल पांच विषयों के पेपर आयोजित किए जाएंगे। इनमें लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी, केमिकल साइंसेज, अर्थ, एटमॉस्फेरिक, ओशन एंड प्लैनेटरी साइंसेज, मैथमेटिकल साइंसेज और फिजिकल साइंसेज शामिल हैं।

किस विषय की परीक्षा कब होगी?

सबसे पहले 19 दिसंबर को दूसरी शिफ्ट में लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी की परीक्षा होगी। इसके बाद 22 दिसंबर को पहली शिफ्ट में केमिकल साइंसेज और अर्थ, एटमॉस्फेरिक, ओशन एंड प्लैनेटरी साइंसेज के पेपर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 27 दिसंबर को दूसरी शिफ्ट में मैथमेटिकल साइंसेज और फिजिकल साइंसेज की परीक्षा होगी।

दो शिफ्ट में होगा एग्जाम

परीक्षा प्रतिदिन दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। दोनों शिफ्ट की परीक्षा तीन घंटे की होगी।

एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी स्लिप पर क्या है अपडेट?

अब उम्मीदवारों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप और एडमिट कार्ड कब जारी होंगे? फिलहाल एनटीए ने इन दोनों की तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अनुमान है कि एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा से 10 से 15 दिन पहले और एडमिट कार्ड परीक्षा से 3 से 4 दिन पहले जारी हो सकता है।

उम्मीदवार कहां चेक करें अपडेट?

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी, एग्जाम सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड के अपडेट के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। साथ ही अपने विषय के अनुसार परीक्षा की तारीख और शिफ्ट नोट कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।

ये भी पढ़ें: चुनाव से पहले पंजाब पुलिस में बड़ा फेरबदल! 273 DSP और IPS के तबादले