राजस्थान के कोटा में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ। क्रूजर गाड़ी में एक ही परिवार के करीब 14 से 15 लोग सवार थे। परिवार खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान शंभूपुरा गांव के पास चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और क्रूजर सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में इन 9 लोगों की हुई मौत

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान ऊषा बाई, सुशीला, कैलाश, सांवी, सज्जन, अनीता, जाह्नवी, बाबूलाल और माधवी के रूप में हुई है। वहीं, 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम भी देर रात अस्पताल पहुंचीं, उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने अस्पताल में उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

ये भी पढ़ें-आज मेष समेत इन राशियों की लगेगी लॉटरी तो इन्हें मिलेगी टेंशन! जानिए सभी राशियों का राशिफल

ड्राइवर को नींद आने से हादसा होने की आशंका

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, माना जा रहा है कि लंबी दूरी तक गाड़ी चलाने के कारण चालक को नींद की झपकी आ गई होगी। इसी वजह से क्रूजर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। हालांकि, हादसे की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद महाराष्ट्र में मृतकों के परिवार और परिचितों के बीच शोक का माहौल है। परिवार खाटूश्यामजी के दर्शन करके खुशी-खुशी घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यह हादसा हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रकों की सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ड्राइवरों के आराम को लेकर भी चिंता बढ़ाता है।