Punjab Police Transfers: पंजाब पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब पुलिस में बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी हुए हैं। इस फेरबदल के तहत 273 DSP और एक IPS अधिकारी का तबादला किया गया है। 21 नवंबर को जारी आदेश के बाद पंजाब के कई बड़े जिलों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा और SAS नगर समेत कई जिलों में नई तैनाती की गई है।
पंजाब पुलिस मुख्यालय, चंडीगढ़ के सीक्रेट सेक्शन-2 की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, पुलिस स्थापना समिति की मंजूरी के बाद प्रशासनिक आधार पर ये तबादले किए गए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
एक IPS अधिकारी को भी मिली नई जिम्मेदारी
इस बड़े फेरबदल में एक IPS अधिकारी का नाम भी शामिल है। 2024 बैच के IPS अधिकारी पारस गर्ग को हैदराबाद स्थित नेशनल पुलिस अकादमी में बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अमृतसर में ASP SD सेंट्रल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रमोशन पाने वाले कई अधिकारियों को भी नई जगहों पर तैनात किया गया है।
साइबर क्राइम और नारकोटिक्स यूनिट में भी बदलाव
पुलिस विभाग के साइबर क्राइम और नारकोटिक्स विंग में भी अहम बदलाव किए गए हैं। अमरबीर सिंह को जालंधर से SAS नगर में DSP साइबर क्राइम एंड फॉरेंसिक्स की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं गोल्डी विरदी को रोपड़ रेंज में DSP ANTF के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही PBI NDPS-cum-Narcotics, स्पेशल क्राइम, काउंटर इंटेलिजेंस और इंटेलिजेंस विंग में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में भी बदली जिम्मेदारी
इस फेरबदल का असर पंजाब के कई बड़े शहरों में दिखाई देगा। लुधियाना में ट्रैफिक और डिटेक्टिव यूनिट समेत कई पुलिस इकाइयों में बदलाव हुआ है। अमृतसर में डिटेक्टिव, सिक्योरिटी और स्पेशल क्राइम से जुड़ी इकाइयों में नई तैनाती की गई है। वहीं पटियाला, बठिंडा, मोगा, संगरूर, फाजिल्का और जालंधर समेत कई जिलों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
22 नवंबर तक नई जगह ज्वाइन करने के निर्देश
पंजाब पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से रिलीव करने और 22 नवंबर 2026 की दोपहर तक अपनी नई तैनाती वाली जगह पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कार्यभार संभालने और पुरानी जिम्मेदारी छोड़ने की रिपोर्ट भी पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी।
चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
फिलहाल इस बड़े फेरबदल को पंजाब पुलिस के प्रशासनिक ढांचे में अहम बदलाव माना जा रहा है। हालांकि, आदेश में तबादलों का आधिकारिक आधार प्रशासनिक बताया गया है और विधानसभा चुनाव को इसकी वजह नहीं बताया गया है।
ये भी पढ़ें: IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, प्लेटिनम जुबली समारोह में PM Modi का भव्य स्वागत!