ISC Board Exam: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने ISC कक्षा 12वीं की गणित परीक्षा 2027 का एग्जाम पैटर्न जारी कर दिया है। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र अब नए पैटर्न के आधार पर अपनी तैयारी को बेहतर तरीके से प्लान कर सकते हैं। इस बार परीक्षा के पैटर्न में बदलाव किया गया है। नए फॉर्मेट के तहत प्रश्नपत्र को चार सेक्शन में बांटा गया है और सभी सवालों को हल करना अनिवार्य होगा। ISC कक्षा 12वीं की गणित परीक्षा 1 मार्च 2027 को आयोजित होने वाली है।

परीक्षा का नया फॉर्मेट

ISC 2027 गणित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसमें 80 अंकों की लिखित परीक्षा और 20 अंकों का प्रोजेक्ट वर्क शामिल है। थ्योरी परीक्षा के लिए छात्रों को तीन घंटे का समय दिया जाएगा। नए परीक्षा पैटर्न में सेक्शन A, B, C और D शामिल होंगे।

इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह है कि छात्रों को सभी चारों सेक्शन के प्रश्न हल करने होंगे। इससे पहले विद्यार्थियों को सेक्शन B और C में से विकल्प चुनने की सुविधा मिलती थी। हालांकि, नए सैंपल पेपर में सेक्शन B और D के कुछ प्रश्नों में इंटरनल चॉइस दी गई है।

यूनिट के अनुसार गणित में अंकों का बंटवारा

CISCE ने कक्षा 12वीं के गणित थ्योरी सिलेबस को सात यूनिट में बांटा है। इसमें कैलकुलस को सबसे ज्यादा वेटेज दिया गया है। इसलिए छात्रों को इस यूनिट की तैयारी पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

यूनिट के अनुसार अंकों का वितरण समझें 

गणित के पेपर में अलग-अलग अध्यायों से कुल 80 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें कैलकुलस से सबसे ज्यादा 35 अंक के प्रश्न आएंगे। इसके अलावा रिलेशंस एंड फंक्शंस और अलजेब्रा से 10-10 अंक, प्रोबेबिलिटी से 9 अंक, थ्री डाइमेंशनल ज्योमेट्री से 6 अंक, वेक्टर अलजेब्रा से 5 अंक और लीनियर प्रोग्रामिंग से 5 अंक के प्रश्न होंगे। छात्रों को कैलकुलस पर सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए। इसके सभी जरूरी कॉन्सेप्ट और फॉर्मूले अच्छी तरह समझें। साथ ही, रोज न्यूमेरिकल प्रश्नों का अभ्यास करें, ताकि परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर सकें।

सेक्शन-वाइज मार्किंग स्कीम

2027 के सैंपल प्रश्नपत्र के अनुसार लिखित परीक्षा कुल 80 अंकों की होगी। इस परीक्षा में चार सेक्शन होंगे। सेक्शन A 20 अंकों का, सेक्शन B 14 अंकों का, सेक्शन C 21 अंकों का और सेक्शन D 25 अंकों का होगा। सभी सेक्शन के प्रश्न हल करना जरूरी होगा। किसी भी सेक्शन को छोड़ा नहीं जा सकेगा। परीक्षा के लिए छात्रों को कुल तीन घंटे का समय दिया जाएगा। इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे सभी प्रश्नों को ध्यान से पढ़ें और समय का सही इस्तेमाल करें, ताकि वे बिना जल्दबाजी के पूरा प्रश्नपत्र हल कर सकें।

20 अंकों की मार्किंग स्कीम

लिखित परीक्षा के अलावा छात्रों को गणित के दो प्रोजेक्ट भी बनाने होंगे। हर प्रोजेक्ट 10 अंकों का होगा, यानी दोनों प्रोजेक्ट के कुल 20 अंक मिलेंगे। प्रत्येक प्रोजेक्ट का मूल्यांकन चार चीजों के आधार पर किया जाएगा। इनमें प्रोजेक्ट का फॉर्मेट, उसमें दी गई जानकारी, उससे मिलने वाले निष्कर्ष और वाइवा शामिल हैं। इसलिए ISC कक्षा 12वीं गणित परीक्षा 2027 में अच्छे अंक लाने के लिए छात्रों को सिर्फ लिखित परीक्षा की तैयारी नहीं करनी चाहिए, बल्कि प्रोजेक्ट पर भी पूरा ध्यान देना होगा। नियमित पढ़ाई, प्रैक्टिस और सही टाइम मैनेजमेंट से बेहतर तैयारी की जा सकती है।


ये भी पढ़ें: 12वीं के बाद बदलेगा पढ़ाई का सिस्टम! इंटरमीडिएट खत्म करने की तैयारी, जानिए वजह