लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज 22 नवंबर को शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज होगी। इस दौरान आज शाम यूपी के सभी 75 जिलों में अचानक अंधेरा छा जाएगा। क्योंकि यूपी का नागरिक सुरक्षा विभाग एयर रेड ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज करेगा।
सरकार की आपात स्थिति से निपटने की तैयारी
दरअसल, इस दौरान प्रदेश के इन सभी जिलों में आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए अभ्यास होगा और सभी जिलों में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद की जाएगी। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी का सायरन करीब 2 मिनट तक बजेगा। पुलिस, दमकल, स्वास्थ्य विभाग और राहत टीमें संयुक्त अभ्यास करेंगी। अभ्यास के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।
निर्धारित क्षेत्रों में होगी बिजली आपूर्ति बंद, बजेगा सायरन
इसे लेकर प्रदेश में आज शाम 6 बजे एक साथ सिविल डिफेंस एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजेगा और निर्धारित क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। अचानक सायरन बजने और अंधेरा होने से लोग घबराएं नहीं, क्योंकि यह किसी वास्तविक हमले का संकेत नहीं, बल्कि प्रशासन की ओर से आयोजित एक सुरक्षा अभ्यास होगा।