नई दिल्ली: दिल्ली की महिला छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। अब कमला नेहरू कॉलेज और गार्गी कॉलेज जाने वाली छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर के लिए DTC की दो नई यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बस सेवाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कमला नेहरू कॉलेज के वार्षिक समारोह में इन बस सेवाओं की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में नवनिर्मित 'वंदे मातरम एकेडमिक ब्लॉक' का भी उद्घाटन किया।
दिल्ली सरकार के मुताबिक, नई बस सेवाएं लक्ष्मी नगर और ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन से कॉलेजों के आसपास के क्षेत्रों तक सीधी कनेक्टिविटी देंगी। इससे दक्षिण दिल्ली के इन कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं को आने-जाने में सुविधा होगी।
सुबह 8 से 10:30 बजे तक मिलेंगी बसें
दिल्ली सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दोनों नई U-Special बस सेवाएं संबंधित मेट्रो स्टेशनों से सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक चलेंगी। वहीं, कॉलेज क्षेत्र से वापसी के लिए दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक बसें उपलब्ध रहेंगी।
छात्राओं की सुविधा के लिए बसों का संचालन हर 30 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इन सेवाओं का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद परिवहन उपलब्ध कराना है।
कमला नेहरू कॉलेज में नए एकेडमिक ब्लॉक का उद्घाटन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कॉलेज के वार्षिक समारोह में नवनिर्मित 'वंदे मातरम एकेडमिक ब्लॉक' का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रकाशनों और छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नए एकेडमिक ब्लॉक से कॉलेज की शैक्षणिक यात्रा को नई दिशा मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
400 से बढ़कर 4 हजार से ज्यादा छात्राओं तक पहुंचा कॉलेज
कमला नेहरू कॉलेज के सफर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान की शुरुआत करीब 400 छात्राओं से हुई थी, जबकि आज यहां हर साल 4,000 से अधिक छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी शिक्षण संस्थान की पहचान सिर्फ उसकी इमारतों और सुविधाओं से नहीं होती, बल्कि वहां से निकलने वाली प्रतिभाओं और विद्यार्थियों को मिलने वाले अवसरों से होती है।
कॉलेज जीवन से ही विकसित होती हैं नेतृत्व की खूबियां
मुख्यमंत्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय में अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा भी यहीं से शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि कॉलेज के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं को समझना, उनकी मदद करना और छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाना नेतृत्व क्षमता विकसित करने में मदद करता है।
उन्होंने कहा कि महिला कॉलेज छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, रुचियों को पहचानने और पढ़ाई के साथ अलग-अलग गतिविधियों में हिस्सा लेने का अवसर देते हैं। कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, दोस्ती, शिक्षकों से सीखने और अपने लक्ष्य पहचानने का भी समय है।
कार्यक्रम में गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विजिता सिंह अग्रवाल, दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।