Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। महिला थाने के गेट पर पहरा ड्यूटी में तैनात महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव की गोली लगने से मौत हो गई। गोली उनके गले को चीरते हुए सिर से पार हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल गोली किन परिस्थितियों में चली, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
गोली चलने की आवाज से मची खलबली
बताया गया कि प्रियंका यादव महिला थाने के ऑफिस के बाहर गेट पर कुर्सी पर बैठकर ड्यूटी कर रही थीं। सुबह करीब 10:30 बजे वह किसी काम से उठकर गईं और करीब दो मिनट बाद वापस लौटीं। शुरुआती जांच के मुताबिक, जैसे ही वह कुर्सी पर बैठने लगीं, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो प्रियंका गंभीर रूप से घायल हालत में जमीन पर पड़ी थीं। उनके दाहिने हाथ में सरकारी राइफल थी। साथी पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खुदकुशी या गलती से चली गोली? जांच जारी
डीएसपी सौरभ सामंत के मुताबिक, अभी यह साफ नहीं है कि प्रियंका यादव ने खुद को गोली मारी या सरकारी राइफल से गलती से फायर हुआ। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने मौके से राइफल को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। इसके अलावा थाने में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।
कमरे की भी ली गई तलाशी
जांच के दौरान प्रियंका यादव के कमरे की तलाशी भी ली गई, लेकिन अभी तक पुलिस को वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, डीएसपी सौरभ सामंत और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। मामले की जांच के लिए सीओ सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई है।
प्रियंका यादव ने पिछले साल ही पुलिस बल ज्वाइन किया था। उनकी मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।