लखनऊ: उत्तर प्रदेश को विकास की नई राह पर आगे बढ़ाने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा संदेश दिया है। लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, व्यापारियों के बढ़ते आत्मविश्वास और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी का जिक्र किया।

सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में रात के समय भी बाजारों में रौनक दिखाई देती है। देर रात तक खुले रहने वाले बाजार और कमर्शियल प्रतिष्ठान इस बात का संकेत हैं कि प्रदेश में व्यापारियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है।

रात में भी गुलजार बाजार, व्यापारियों का बढ़ा भरोसा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि नए उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजार और दुकानों की चहल-पहल केवल व्यापार की चमक नहीं है, बल्कि यह व्यापारियों के बढ़ते आत्मविश्वास का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सूरज ढलने के बाद भी बाजारों में बढ़ती गतिविधियां प्रदेश में बदलते कारोबारी माहौल को दर्शाती हैं।

व्यापारी अब अपने कारोबार का विस्तार करने और नए अवसर तलाशने के लिए आगे आ रहे हैं। सीएम योगी के मुताबिक, यह बदलाव प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और कानून-व्यवस्था में आए सुधार को दिखाता है।

2017 से पहले शाम होते ही थम जाती थीं कारोबारी गतिविधियां

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में पिछली सरकारों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा की भावना के कारण सूरज ढलते ही कई स्थानों पर कारोबारी गतिविधियां प्रभावित हो जाती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उनके परिवारों में भी चिंता बनी रहती थी।

ऐसे माहौल का असर व्यापार और रोजगार के अवसरों पर भी पड़ता था। सीएम योगी ने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठाए गए हैं, जिससे कारोबारियों और आम लोगों का भरोसा बढ़ा है।

जीरो टॉलरेंस नीति से कानून-व्यवस्था मजबूत होने का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की स्थिति में बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। सीएम के अनुसार, आज बाजारों का देर रात तक खुले रहना और महिलाओं का बिना किसी डर के काम करना प्रदेश में आए बदलाव को दर्शाता है।

महिलाओं की लेबर फोर्स में भागीदारी 13 से बढ़कर 36 प्रतिशत

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को भी प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण संकेत बताया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में महिला श्रम बल भागीदारी दर करीब 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर लगभग 36 प्रतिशत हो गई है। सीएम योगी ने कहा कि यह आंकड़ा महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक क्षमता और आत्मनिर्भरता को दर्शाता है।

आज प्रदेश की बेटियां सुरक्षित माहौल में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही हैं। न्होंने कहा कि रात की शिफ्ट में महिलाएं बिना डर के अपने कार्यस्थलों पर जिम्मेदारियां निभा रही हैं। यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है।

सुरक्षा से समृद्धि की ओर बढ़ रहा नया उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश के माध्यम से यह बताने की कोशिश की कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार का असर केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव व्यापार, रोजगार और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी पर भी दिखाई दे रहा है।

रात में बाजारों की बढ़ती रौनक, कारोबारियों का आत्मविश्वास और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को उन्होंने नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताया। सीएम योगी का संदेश साफ है कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था ही विकास और समृद्धि की बुनियाद है। सरकार का दावा है कि उत्तर प्रदेश अब सुरक्षा से समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

हमारी महिलाओं में बढ़ा आत्मविश्वास

व्यापारी अपने बिज़नेस को बढ़ाने के लिए नए मौके ढूंढ रहे हैं, और हमारी बेटियां अपने टैलेंट और कड़ी मेहनत से एक सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ रही हैं। 2017 में राज्य में महिला लेबर फ़ोर्स पार्टिसिपेशन रेट लगभग 13 परसेंट था। यह अब बढ़कर 36 परसेंट हो गया है। यह हमारी महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का एक मज़बूत सबूत है। यह 'नए उत्तर प्रदेश' की पहचान है जो 'सुरक्षा' से 'समृद्धि' की ओर आगे बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें: फिर जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे बाहुबली अनंत सिंह, सुप्रीम कोर्ट ने 1 दिसंबर तक सरेंडर का दिया आदेश