दिल्ली में शराब की ऑनलाइन बुकिंग और घर तक डिलीवरी की नई पहल को लेकर सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी की रेखा गुप्ता सरकार के इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसा। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'दारू सप्लायर कहां मिलेंगे?'

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार को आम लोगों की बुनियादी समस्याओं से ज्यादा शराब खरीदने वालों की सुविधा की चिंता है, उन्होंने इस पहल पर कटाक्ष करते हुए पहले भी इसे 'हर-हर रेखा, घर-घर ठेका' करार दिया था, साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए इसे महिलाओं के लिए करवाचौथ का तोहफा बताया था।

अस्पतालों की बदहाली का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरा

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारद्वाज ने दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में गरीब मरीजों को डायलिसिस जैसी प्रक्रिया के लिए घंटों बिताने पड़ते हैं। पांच घंटे डायलिसिस कराने के बाद भी मरीजों को दवाइयों के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है।

AAP नेता के मुताबिक, मुख्यमंत्री को अस्पतालों में मरीजों की परेशानियां नजर नहीं आतीं, लेकिन शराब खरीदने वालों की कतारें उन्हें परेशान कर रही हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकताएं आम जनता की जरूरतों के बजाय शराब उपभोक्ताओं की सुविधाओं पर केंद्रित हैं।

24 घंटे का अल्टीमेटम

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार को शराब बुकिंग की इस व्यवस्था को वापस लेने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। सौरभ भारद्वाज ने चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर योजना वापस नहीं ली गई तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी।

उन्होंने दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के इस्तीफे की मांग करने की भी बात कही। भारद्वाज ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस फैसले को वापस नहीं लेती हैं, तो AAP मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध तेज करेगी।

ये भी पढ़ें- नसीरुद्दीन शाह के 'दिमागी नक्सली' बयान पर सियासी घमासान, किरेन रिजिजू और CPM नेता हन्नान मोल्लाह आमने-सामने

महिलाओं से माफी मांगने की भी मांग

सौरभ भारद्वाज ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार ने 24 घंटे के भीतर शराब बुकिंग की पहल वापस नहीं ली तो दिल्ली में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, उन्होंने मुख्यमंत्री से इस योजना को रद्द करने के साथ-साथ दिल्ली की महिलाओं से माफी मांगने की मांग भी की।

AAP ने साफ कर दिया है कि शराब की होम बुकिंग के मुद्दे पर पार्टी पीछे हटने के मूड में नहीं है। अब देखना होगा कि बीजेपी सरकार विपक्ष के इस विरोध और 24 घंटे के अल्टीमेटम पर क्या प्रतिक्रिया देती है।