हैदराबाद के हस्तिनापुरम इलाके में देर रात एक ऑनलाइन ग्रॉसरी स्टोर के बाहर डिलीवरी पार्टनर्स ने विरोध प्रदर्शन किया। डिलीवरी पार्टनर्स का आरोप है कि स्टोर से उन्हें एक्सपायर्ड प्रोडक्ट्स ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए दिए जा रहे थे। उनका कहना था कि ऐसे सामान की डिलीवरी करने पर ग्राहकों के साथ विवाद की स्थिति पैदा होती है और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता है।
डिलीवरी पार्टनर्स ने लगाया आरोप
डिलीवरी पार्टनर्स ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने स्टोर के मैनेजर्स से एक्सपायर्ड सामान दिए जाने को लेकर सवाल किया, तो उनके अकाउंट ब्लॉक कर दिए गए। इसके बाद उन्होंने स्टोर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से की।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी
शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित ऑनलाइन ग्रॉसरी स्टोर पर छापेमारी कर जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान स्टोर से कुल 14 एक्सपायर्ड प्रोडक्ट्स बरामद किए गए। इनमें जिंजर-गार्लिक पेस्ट, मैंगो फ्रूट ड्रिंक, स्ट्रॉबेरी जूस, चक्की आटा, पनीर और दूध के पैकेट समेत कई खाद्य पदार्थ शामिल थे।
मौके पर पहुंची पुलिस
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हैदराबाद सनी ने बताया कि विभाग को ऑनलाइन ग्रॉसरी स्टोर में एक्सपायर्ड प्रोडक्ट्स रखे होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पूरी दुकान का निरीक्षण किया गया, जहां कुछ एक्सपायर्ड सामान पाए गए, उन्होंने कहा कि बरामद सामान और जांच से जुड़ी जानकारी उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट कर दी गई है। मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद दी जाएगी।