Ankit Balyan Murder Case: उत्तर प्रदेश पुलिस के एनकाउंटर का खौफ अब दूसरे राज्यों में बंद अपराधियों के बीच भी नजर आने लगा है। हरियाणा की करनाल जेल में बंद अंडरट्रायल गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू ने यूपी ले जाए जाने से पहले अधिकारियों को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

राकेश पंपू को शामली पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर उत्तर प्रदेश ले जाना चाहती है। इसी को लेकर उसने हरियाणा और यूपी के वरिष्ठ पुलिस व जेल अधिकारियों को आवेदन भेजा है। इसमें उसने मांग की है कि उसे जेल से बाहर निकालकर यूपी ले जाते समय हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां लगाई जाएं।

एनकाउंटर का डर, इसलिए मांगी हथकड़ी और बेड़ियां

गैंगस्टर ने अपने आवेदन में कहा है कि जब उसे शामली की अदालत या जांच के सिलसिले में ले जाया जाए तो उसके हाथों में हथकड़ी और पैरों में लोहे की बेड़ियां लगाई जाएं। इसके पीछे उसकी सबसे बड़ी चिंता रास्ते में किसी तरह की अनहोनी को लेकर है।पंपू चाहता है कि उस पर भागने की कोशिश करने का आरोप न लगे। साथ ही उसने ट्रांजिट के दौरान पूरी प्रक्रिया की लगातार वीडियोग्राफी कराने की भी मांग की है। उसका कहना है कि जेल से निकलने से लेकर वापस करनाल जेल पहुंचने तक हर गतिविधि रिकॉर्ड में होनी चाहिए।

अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ा है नाम

राकेश उर्फ पंपू फिलहाल करनाल जेल में बंद है। उसके खिलाफ सोनीपत जिले के बहालगढ़ थाने में FIR नंबर 67 के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा शामली में हुए अंकित बालियान हत्याकांड में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।इस मामले में पुलिस आर्यन और सत्यम नाम के आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, दो अन्य आरोपी सुमित और मोहित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। इसी मामले में पंपू को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश लाए जाने की तैयारी है।

ट्रांजिट के दौरान कड़ी सुरक्षा की मांग

पंपू ने अधिकारियों से सिर्फ हथकड़ी और बेड़ियां लगाने की मांग नहीं की है। उसने अपने ट्रांजिट के दौरान बड़ी संख्या में हथियारबंद पुलिसकर्मियों की तैनाती की भी मांग की है।उसने कहा है कि पूरी यात्रा की वीडियोग्राफी हो और रास्ते में उसकी हर आवाजाही का आधिकारिक रिकॉर्ड रखा जाए। उसकी दलील है कि इससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड मौजूद रहेगा।