UP IAS Transfer List 2026: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने 16 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में कई जिलों के जिलाधिकारी (DM) के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्तों की जिम्मेदारी भी बदल दी गई है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों को भी नई तैनाती दी गई है।

सरकार के इस फैसले के बाद चंदौली, भदोही, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली समेत कई जिलों के प्रशासनिक प्रमुख बदल गए हैं। वहीं, कुछ अधिकारियों को मुख्यमंत्री कार्यालय और अलग-अलग विभागों में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्त बदले

तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव कानपुर और वाराणसी मंडल में देखने को मिला है। के. विजयेंद्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त के पद से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम अब कानपुर की जिम्मेदारी संभालेंगे। ग्रेटर नोएडा और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण में भी बदलाव हुआ है। रवि कुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के CEO पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का CEO बनाया गया है। उनके पास आयुक्त एवं निदेशक उद्योग की जिम्मेदारी भी रहेगी। वहीं, डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का CEO नियुक्त किया गया है। उन्हें स्थानिक आयुक्त और NCR आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।

चंदौली, भदोही और जौनपुर को मिले नए DM

पूर्वांचल के जिलों में भी अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। उनकी जगह शैलेश कुमार चंदौली के नए जिलाधिकारी होंगे। इससे पहले शैलेश कुमार भदोही के डीएम और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के CEO की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। भदोही में अनिल कुमार सिंह को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह इससे पहले सहकारी समितियों में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) के पद पर तैनात थे। जौनपुर में उमेश मिश्रा को जिलाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। वह नगर विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर थे। जौनपुर के मौजूदा डीएम सैमुअल पॉल एन. को सहकारी समितियों में अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) बनाया गया है।

गोंडा, श्रावस्ती और शामली में भी बदलाव

गोंडा के जिलाधिकारी पद पर रमेश रंजन की नियुक्ति की गई है। वह अभी राजस्व परिषद, लखनऊ में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात थे। गोंडा की मौजूदा डीएम प्रियंका निरंजन को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। श्रावस्ती में मनोज कुमार राय नए जिलाधिकारी होंगे। वह इससे पहले नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह प्रवीण वर्मा शामली के नए डीएम होंगे। वह अभी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात थे।

सौम्या अग्रवाल समेत इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

इस फेरबदल में सौम्या अग्रवाल को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। वह अब उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ की प्रबंध निदेशक होंगी। उन्हें टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इससे पहले वह श्रमायुक्त के पद पर तैनात थीं। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय में चंद्र मोहन गर्ग को विशेष सचिव बनाया गया है। इस तरह प्रशासनिक फेरबदल में जिला स्तर के साथ-साथ शासन और औद्योगिक विकास से जुड़े विभागों में भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

14 नवंबर को भी हुआ था बड़ा तबादला

उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में IAS अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला तेज रहा है। इससे पहले 14 नवंबर को 38 IAS अधिकारियों के तबादले किए गए थे। उस सूची में भी कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए थे। अब 16 अधिकारियों की नई सूची जारी होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इन बदलावों पर राजनीतिक नजर भी बनी हुई है। हालांकि, सरकार की ओर से इन तबादलों को चुनावी तैयारी से जोड़ने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है।