UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को साफ किया कि INDIA गठबंधन में अभी सीट बंटवारे को लेकर कोई औपचारिक बातचीत शुरू नहीं हुई है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन के सभी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि आपसी सम्मान और उम्मीदवारों की मजबूती को ध्यान में रखते हुए सीटों का बंटवारा किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा, ''अभी सीट बंटवारे को लेकर कोई बात नहीं हुई है। INDIA गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सीटों का तालमेल किया जाएगा। सबसे अच्छे उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे।''
BJP की मथुरा बैठक पर अखिलेश का तंज
इस दौरान अखिलेश यादव ने मथुरा में बीजेपी की चल रही राजनीतिक रणनीति से जुड़ी बैठक पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, ''मैं मथुरा-वृंदावन गए सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि यमुना में पवित्र स्नान जरूर करें, ताकि उनका कार्यक्रम अच्छा रहे। अगर उनकी तबीयत खराब हो जाए तो किसी अच्छे डॉक्टर को बुला लें।''
रामगोपाल यादव बोले- सीट बंटवारे पर अभी कोई फैसला नहीं
सपा के वरिष्ठ नेता और सांसद रामगोपाल यादव ने भी कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई फैसला नहीं हुआ है। इससे साफ है कि गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर बातचीत का औपचारिक दौर शुरू होना बाकी है।
दिसंबर के पहले सप्ताह से कांग्रेस शुरू करेगी चुनाव प्रचार
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद ने बताया कि कांग्रेस दिसंबर के पहले सप्ताह से विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान शुरू करेगी। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रैलियां और यात्राएं करेंगे। मसूद ने कहा कि सोमवार को खरगे के साथ हुई बैठक मुख्य रूप से संगठन से जुड़ी थी। INDIA गठबंधन में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इससे ज्यादा जरूरी चुनाव मिलकर लड़ना और जीतना है।
राहुल गांधी और खरगे ने यूपी कांग्रेस नेताओं के साथ की बैठक
इससे पहले सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली में 10, राजाजी मार्ग पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसमें 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की मजबूती की उम्मीद कर रही है।
खरगे ने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव में इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। ऐसे में यूपी में INDIA गठबंधन की एकजुटता और सीटों का तालमेल आने वाले दिनों में राजनीतिक रूप से काफी अहम रहने वाला है।
और पढ़ें: Siyana विधानसभा में भाजपा या सपा किसकी हवा? विधायक के काम से आखिर कितनी खुश है जनता?