Rajasthan Panchayat Elections: देश के सबसे बड़े राज्य में राजस्थान में आज पंचायत चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंग प्रक्रिया सुबह से ही शुरू हो चुकी है। आज राजस्थान के 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में मतदान लगातार जारी है। बड़ी संख्या में वोटर्स वोटिंग के लिए पहुंच रहे हैं। इस साल कुछ नए वोटर्स भी पहली बार अपना मतदान कर रहे हैं। तो बुजुर्गों में भी वोटिंग को लेकर अलग ही जोश देखने को मिल रहा है। सत्ता में दावेदार और विजेता चाहे जो भी हो वोटर्स में उत्साह देखते ही बनता है।

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के तहत सोमवार, 16 नवंबर को मतदान जारी है। प्रदेश के 25 जिलों में ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही राज्य में चार चरणों में चल रही पंचायत चुनाव प्रक्रिया का समापन हो जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, अंतिम चरण में 25 जिलों की 116 पंचायत समितियों के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जा रहा है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है।

1.05 करोड़ से अधिक मतदाताओं पर रहेगी नजर

अंतिम चरण के चुनाव को लेकर जारी आंकड़ों के मुताबिक, कुल 1,05,94,285 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें 54,88,275 पुरुष, 51,05,951 महिलाएं और 59 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।

3,747 सरपंच पदों के लिए चुनावी मुकाबला

इस चरण में 3,747 सरपंच पदों और 33,885 वार्ड पंच पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए जा रहे हैं। वहीं, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को ईवीएम से मतदान हो चुका है।

आज ही शुरू होगी मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद सरपंच और वार्ड पंच के मतों की गिनती संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। इसके बाद विजयी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे। वहीं, उपसरपंच का चुनाव 17 नवंबर को कराया जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गिनती 20 नवंबर को होगी।

चार चरणों में संपन्न हो रही चुनाव प्रक्रिया

राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 चार चरणों में आयोजित किए गए हैं। इन चुनावों में जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और वार्ड पंच के पद शामिल हैं। अंतिम चरण का मतदान पूरा होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया का एक बड़ा चरण समाप्त हो जाएगा।

यह भी पढ़ें: इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने लगाया 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा, राहुल गांधी को लेकर भाजपा ने उठाए सवाल