Jay Shah: देश के गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह एक बार फिर आईसीसी के नए चेयरमैन के रूप में पदभार संभालेंगे। यह दूसरी बार है जब जय शाह आईसीसी के नए चेयरमैन बन चुके है। जय शाह को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन पद पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध नियुक्त किया गया है।
16 नवंबर 2026 को इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड बैठकों के बाद इस फैसले की आधिकारिक घोषणा की गई। उनके दोबारा चुने जाने के साथ ही क्रिकेट जगत में बधाइयों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। आईसीसी ने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी है।
नए चेयरमैन को लेकर आईसीसी ने दी जानकारी
आईसीसी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, "इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) बोर्ड को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि बाली में हुई बोर्ड और कमिटी बैठकों में ICC डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद, श्री जय शाह को ICC चेयर के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध फिर से नियुक्त किया गया है।
यह फैसला शाह के नेतृत्व में बोर्ड के भरोसे को दर्शाता है। साथ ही, यह खेल के लिए एक अहम मोड़ पर निरंतरता भी सुनिश्चित करता है, क्योंकि इसके भविष्य के रणनीतिक रोडमैप में वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या में वृद्धि और कमर्शियल विकास शामिल हैं"।
चेयरमैन बनने के बाद क्या बोले जय शाह?
जय शाह ने कहा, “ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। मैं सभी डायरेक्टर्स का उनके निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए तहे दिल से आभारी हूँ। ICC के अध्यक्ष के रूप में काम करना एक सम्मान और एक बड़ी ज़िम्मेदारी दोनों है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए अपने सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूँ।
“हम अपने खेल के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहे हैं। LA28 ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी, हमारे खेल को नए दर्शकों तक पहुँचाने और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों की एक नई पीढ़ी को प्रेरित करने का एक शानदार अवसर है।”
रोहित शर्मा ने किया ट्वीट
जय शाह के चेयरमैन बनने के बाद स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा, "JayShah भाई, ICC चेयरमैन के रूप में फिर से चुने जाने पर आपको बहुत-बहुत बधाई।
आगे के लिए ढेर सारी शुभकामनाएँ! जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को ICC चेयरमैन का पद संभाला था। इससे पहले वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
यह भी पढ़े - चूल्हे ठंडे, भूख से बेहाल आवाम, Pakistan में गैस संकट से हाहाकार! शहबाज सरकार की खुली पोल