Anant Singh Daughter Wedding: भोजपुरी संगीत जगत की मशहूर सिंगर कल्पना पटवारी का एक पुराना किस्सा इन दिनों खूब चर्चा में है। यह किस्सा बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह से जुड़ा है। दरअसल, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की चर्चाओं के बीच उनका एक पुराना वाकया फिर सुर्खियों में आ गया है। कल्पना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि कैसे उन्होंने अनजाने में छोटे सरकार के सामने ही गाने से इनकार कर दिया था।
दो गाने गाने के बाद साफ कर दिया था मना
कल्पना पटवारी जब अपने करियर के शुरुआती दिनों में बिहार में एक कार्यक्रम करने पहुंची थीं, तब उन्हें वहां के माहौल और अनंत सिंह के रसूख की कोई जानकारी नहीं थी। कार्यक्रम में धोती-कुर्ता पहने कई लोग बंदूक लेकर घूम रहे थे। सामने अनंत सिंह भी मौजूद थे और उनके आसपास हथियारबंद लोग लगातार गोलियां चला रहे थे। कल्पना ने बताया कि वह लगातार गाने की वजह से काफी थक गई थीं। ऐसे में दो गाने गाने के बाद उन्होंने साफ कह दिया कि अब वह आगे नहीं गाएंगी। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिनके सामने वह मना कर रही हैं, वह कोई आम शख्स नहीं बल्कि अनंत सिंह हैं।
लोगों ने हाथ जोड़कर कहा- छोटे सरकार हैं ये
कल्पना के इनकार के बाद वहां मौजूद कुछ लोग उनके पास पहुंचे और हाथ जोड़कर पांच गाने और गाने की गुजारिश करने लगे। उन्होंने समझाया, 'आप नहीं समझ रही हैं, छोटे सरकार हैं ये।' लेकिन कल्पना अपने फैसले पर कायम रहीं। दूसरी तरफ उनके म्यूजिशियन और आसपास के लोग तनाव में आ गए थे।
बाद में अनंत सिंह ने प्यार से किया फोन
कल्पना ने बताया कि उस घटना के दौरान उनके साथ कोई अनहोनी नहीं हुई। बाद में अनंत सिंह ने खुद उन्हें फोन किया और बेहद प्यार से 'बउआ' कहकर बात की। सिंगर ने यह भी साफ किया कि अनंत सिंह ने कभी उनके साथ बदतमीजी नहीं की। कल्पना ने बिहार के उस दौर और आज के माहौल की तुलना करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद राज्य में काफी बदलाव आया है। यही वजह है कि उनका यह पुराना किस्सा आज भी लोगों के लिए हैरान करने वाला है।
ये भी पढ़ें: क्या TRP के लिए खेल रहे हैं मेकर्स बड़ा गेम? सलमान के सवालों से बढ़ी मुश्किलें!