Chhath Puja Holiday 2026: दिवाली का त्योहार खत्म होने के बाद अब देशभर में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह पर्व खासतौर पर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल में धूमधाम से मनाया जाता है। छठ पूजा के दौरान व्रती कठिन उपवास रखते हैं और डूबते तथा उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

त्योहार को देखते हुए कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियों का शेड्यूल जारी किया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए यह जानना जरूरी है कि किस राज्य में कितने दिन स्कूल बंद रहेंगे। 

दिल्ली में 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश

दिल्ली में छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। उपराज्यपाल के आदेश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों के साथ सरकारी कार्यालयों में भी छुट्टी रहेगी।

बिहार में 14 से 17 नवंबर तक बंद रहेंगे स्कूल

छठ पूजा बिहार का प्रमुख त्योहार है। ऐसे में राज्य में इस पर्व को लेकर स्कूलों में लंबी छुट्टियां रखी गई हैं। बिहार में 14 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर भी स्कूलों में अवकाश रहेगा।

उत्तर प्रदेश में 15 और 16 नवंबर को छुट्टी

उत्तर प्रदेश में छठ पूजा के लिए 15 और 16 नवंबर को ऐच्छिक और प्रतिबंधित अवकाश का प्रावधान किया गया है। हालांकि, सभी स्कूलों में छुट्टी अनिवार्य नहीं है। अलग-अलग जिलों और स्कूलों के अनुसार छुट्टियों में बदलाव हो सकता है।

झारखंड में दो दिन बंद रहेंगे स्कूल

झारखंड में भी छठ पूजा बड़े उत्साह के साथ मनाई जाती है। राज्य में 16 और 17 नवंबर 2026 को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

पश्चिम बंगाल में पांच दिन की छुट्टी

पश्चिम बंगाल में छठ पूजा और जगधात्री पूजा के आयोजनों को देखते हुए कई स्कूलों में 16 से 20 नवंबर 2026 तक पांच दिनों का अवकाश रहेगा।

अभिभावक स्कूल से जरूर करें पुष्टि

छठ पूजा की छुट्टियों को लेकर जिला स्तर पर अलग-अलग आदेश जारी हो सकते हैं। इसलिए अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे स्कूल प्रशासन या क्लास टीचर से छुट्टियों की तारीखों की पुष्टि जरूर कर लें, ताकि बच्चों की पढ़ाई और अन्य गतिविधियों की योजना बनाने में परेशानी न हो।

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु के लाखों छात्रों के लिए खुशखबरी! सरकार देगी फ्री लैपटॉप, ₹2000 करोड़ की योजना मंजूर