Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। लारनू इलाके में हुई इस मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इनमें लश्कर के आखिरी सक्रिय कमांडर लतीफ अहमद बट का नाम भी सामने आ रहा है। वहीं, उसके साथी उमर निसार के घायल होने के बाद सुरक्षाबलों के कब्जे में होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन दोनों घटनाक्रमों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कुलगाम के लारनू बाईपास इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है। मारे गए आतंकियों की पहचान और मौत की पुष्टि शव बरामद होने के बाद ही की जाएगी।

15 सेकंड में 30 राउंड फायरिंग कर भागे थे आतंकी

सुरक्षाबलों का यह अभियान 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन नोपोरा इलाके में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हुए हमले के बाद शुरू किया गया था। इस हमले में बाइक सवार आतंकियों ने करीब 15 सेकंड में 30 राउंड गोलियां चलाई थीं। गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

इसके बाद से ही पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान चला रही थीं।

15 लाख रुपये का इनामी था लतीफ अहमद बट

लतीफ अहमद बट को 15 लाख रुपये का इनामी आतंकी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह पिछले साल नवंबर में आतंकी गतिविधियों में शामिल हुआ था। उस पर इस साल जुलाई में अनंतनाग के लाल चौक में एक पुलिसकर्मी की हत्या और कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या में शामिल होने का आरोप है।

वहीं, उमर निसार के बारे में बताया जा रहा है कि वह करीब 10 दिन पहले ही आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। दावा है कि 11 नवंबर को अखरन नोपोरा में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हुए हमले के समय वह लतीफ बट के साथ मौजूद था।

500 से ज्यादा संदिग्धों से हुई पूछताछ

सीआरपीएफ पर हमले के बाद सुरक्षाबलों ने लतीफ बट और उसके सहयोगियों की तलाश में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 500 से ज्यादा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और करीब 20 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

इसी जांच के दौरान लश्कर और टीआरएफ से जुड़े तीन कथित ओवरग्राउंड वर्करों (OGW) की भी पहचान किए जाने की जानकारी सामने आई। सुरक्षा एजेंसियों को लतीफ बट के संभावित ठिकानों के बारे में भी सुराग मिले थे।

गंजीपोरा, वनपोर और लारनू में घेराबंदी

अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ बट के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद गंजीपोरा, वनपोर और लारनू समेत कई इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, सेना की विक्टर फोर्स के जीओसी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ऑपरेशन की रणनीति का जायजा लिया।

फिलहाल लारनू इलाके में सुरक्षा अभियान जारी है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही मारे गए आतंकियों और उनके साथी की गिरफ्तारी से जुड़ी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। 

और पढ़ें: Azam Khan: आजम खान को 10 दिन की न्यायिक हिरासत, डासना जेल भेजे गए सपा के वरिष्ठ नेता