गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को एक बार फिर जेल भेज दिया गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार दिन की रिमांड पूरी होने के बाद सोमवार को उन्हें गाजियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सुनवाई के बाद आजम खान को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इसके बाद उन्हें डासना जेल ले जाया गया। मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।

मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने आजम खान को पूछताछ के लिए चार दिन की रिमांड पर लिया था। सोमवार शाम 4:30 बजे उनकी रिमांड अवधि पूरी हो रही थी, लेकिन एजेंसी की टीम उन्हें दोपहर करीब 12 बजे ही अदालत में पेश करने पहुंच गई। इससे पहले उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। अदालत में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद करीब 30 मिनट की सुनवाई के पश्चात उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रामपुर जेल के बाहर से हुई थी गिरफ्तारी

ईडी ने 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के रामपुर में जेल के बाहर से आजम खान को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल में रखा गया। इसके बाद 78 वर्षीय आजम खान से ईडी के दिल्ली स्थित मुख्यालय में पूछताछ की गई।

ईडी के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय की जांच टीम दिल्ली मुख्यालय पहुंचकर उनसे पूछताछ कर रही थी। उम्र अधिक होने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उन्हें लखनऊ स्थित ईडी कार्यालय नहीं ले जाया गया।

अदालत में खामोश और उदास नजर आए आजम खान

अदालत में पेशी के दौरान आजम खान काफी शांत और उदास नजर आए। कड़ी सुरक्षा के बीच जब वह गाड़ी से उतरे तो उन्होंने कुछ समर्थकों और मीडिया कैमरों की ओर देखा। इस दौरान उन्होंने हाथ उठाकर अभिवादन भी स्वीकार किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद वह सीधे अदालत की ओर बढ़ गए।

जौहर विश्वविद्यालय से जुड़ा है मनी लॉन्ड्रिंग का मामला

ईडी ने आजम खान और अन्य लोगों के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया है। यह जांच उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से आजम खान और उनके कथित सहयोगियों के खिलाफ दर्ज 58 प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गई थी।

ईडी का आरोप है कि सरकारी कार्यों के लिए जारी धन का कथित तौर पर इस्तेमाल रामपुर में आजम खान द्वारा स्थापित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में किया गया। एजेंसी के मुताबिक, आजम खान ने तत्कालीन नगर विकास मंत्री और उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रभारी मंत्री के रूप में अपने पद और प्रभाव का कथित तौर पर इस्तेमाल वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम देने में किया।

विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को गिराने का आदेश

इस मामले में रामपुर विकास प्राधिकरण ने जुलाई में जौहर विश्वविद्यालय परिसर की 38 इमारतों को गिराने का आदेश दिया था। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस आदेश के खिलाफ अपील दायर की थी।

फिलहाल आजम खान को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया गया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 26 नवंबर को होनी है।

और पढ़ें: इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने लगाया 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा, राहुल गांधी को लेकर भाजपा ने उठाए सवाल