नई दिल्ली: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गठबंधन के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट से भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) को 48 सवालों की प्रश्नावली सौंपने की अनुमति मांगी है। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC), दो चुनाव आयुक्तों और आईटी महानिदेशक से कथित अनियमितताओं को लेकर जवाब मांगे गए हैं।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग की ओर से दाखिल हलफनामे में 'वोट चोरी' से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया गया है। पार्टी के मुताबिक, इसी वजह से INDIA गठबंधन के नेताओं ने अदालत से 48 सवालों वाली प्रश्नावली दाखिल करने की अनुमति मांगी है।

SIR और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े 48 सवाल

कांग्रेस के मुताबिक, प्रस्तावित प्रश्नावली में चुनाव आयोग के कई फैसलों और देशव्यापी SIR प्रक्रिया से जुड़े सवाल शामिल हैं। विपक्ष ने जानना चाहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कितने फैसलों का बाकी दो चुनाव आयुक्तों ने विरोध किया था। इसके अलावा देशभर में SIR कराने का फैसला किसने लिया था, इस पर भी जवाब मांगा गया है।

Form 6 में बदलाव और डिजिटल सिस्टम पर भी सवाल

INDIA गठबंधन ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले Form 6 में बदलाव के फैसले को लेकर भी सवाल उठाए हैं। विपक्ष जानना चाहता है कि इस फॉर्म में संशोधन की मंजूरी किसने दी थी। इसके साथ ही ERONET और ECINET को केंद्रीकृत करने के फैसले पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसमें मतदाता सूची तक पहुंच के केंद्रीकृत नियंत्रण को लेकर भी सवाल शामिल हैं।

चुनाव आयोग से जवाबदेही मांग रहा विपक्ष

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया में हुई कथित खामियों ने 'वोट चोरी' का रास्ता तैयार किया है। पार्टी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त, दोनों चुनाव आयुक्तों और आईटी महानिदेशक से व्यक्तिगत रूप से जवाब मांगे जाने की जरूरत है।

गौरतलब है कि INDIA गठबंधन लगातार चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रहा है। विपक्ष चुनाव आयोग से SIR की प्रक्रिया और मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहा है। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नजर रहेगी। 

और पढ़ें: कश्मीर में लश्कर को बड़ा झटका! कुलगाम मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर, आखिरी कमांडर लतीफ बट भी मारा गया?