UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने चुनावी मैदान को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अजय राय ने कहा है कि वह वाराणसी की पिंडरा विधानसभा सीट से 2027 का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने काशी से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि बनारस को वह कैसे भूल सकते हैं।

एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में बातचीत के दौरान अजय राय ने पिंडरा सीट को लेकर कहा कि यहां की जनता उनके साथ खड़ी है। उन्होंने चुनाव में एकतरफा जीत का दावा भी किया। हालांकि, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने साफ किया कि अंतिम फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व ही करेगा।

पिंडरा से चुनाव लड़ने का अजय राय ने किया ऐलान

अजय राय ने कहा कि काशी उनका घर है और पिंडरा क्षेत्र से उनका काफी पुराना संबंध रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि वह पहले भी पिंडरा से चुनाव जीत चुके हैं।अजय राय के मुताबिक, उन्होंने 1996 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पिंडरा सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2012 में कांग्रेस के टिकट पर भी वह इस सीट से विधायक चुने गए। यही वजह है कि वह पिंडरा को अपने लिए एक मजबूत राजनीतिक आधार मानते हैं।उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता से उनका पुराना जुड़ाव है और इस बार भी लोग उनके साथ हैं।

कभी वामपंथ का गढ़ थी पिंडरा सीट

वाराणसी की पिंडरा विधानसभा सीट का राजनीतिक इतिहास काफी दिलचस्प रहा है। आज जिस सीट को पिंडरा के नाम से जाना जाता है, उसका नाम पहले पश्चिमी विधानसभा हुआ करता था। बाद में इसका नाम बदलकर कोलसला कर दिया गया।परिसीमन के बाद 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट का नाम पिंडरा हुआ। लंबे समय तक यह क्षेत्र वामपंथी राजनीति के प्रभाव में रहा। कम्युनिस्ट नेता ऊदल यहां से कई बार विधायक चुने गए थे।अजय राय ने 1996 में इस राजनीतिक समीकरण को चुनौती देते हुए चुनाव जीता था। उस समय वह भाजपा में थे। इसके बाद कई वर्षों तक पिंडरा की राजनीति में उनका प्रभाव बना रहा।हालांकि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के डॉ. अवधेश सिंह ने अजय राय के प्रभाव को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। 2022 के चुनाव में भी भाजपा ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।

सपा से गठबंधन पर अजय राय ने क्या कहा?

2027 के चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर भी लगातार चर्चा होती रही है। अजय राय से जब सीट बंटवारे और सपा के साथ चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।उन्होंने संकेत दिया कि प्रदेश स्तर पर पार्टी का मुख्य फोकस अभी संगठन को मजबूत करने पर है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है।अजय राय ने कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारी में जुटी है और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जमीन पर जनता के मुद्दों को लेकर काम कर रहा है।

अजय राय का दावा- 2027 में कांग्रेस बनाएगी सरकार

उत्तर प्रदेश में पिछले कई विधानसभा चुनावों से कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा है। ऐसे में 2027 के चुनाव को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। अजय राय ने दावा किया कि कांग्रेस इस बार पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।उन्होंने अपने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उनके मुताबिक, पार्टी के कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा।हालांकि, कांग्रेस किस पार्टी के साथ गठबंधन करेगी और कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।