By election 2026: चुनाव आयोग ने देश की छह खाली सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इनमें 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 5 विधानसभा सीटें तथा एक लोकसभा सीट शामिल है। सभी सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। चुनाव आयोग के अनुसार पूरी चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर तक समाप्त हो जाएगी।
इन सीटों पर होगा उपचुनाव
उपचुनाव के लिए तमिलनाडु की दो विधानसभा सीटें मदुरंतकम और धारापुरम, पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम सीट तथा पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट शामिल हैं। इसके अलावा असम की नौगांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। इन सभी सीटों पर संबंधित विधायकों या सांसदों के इस्तीफे के बाद पद रिक्त हुए थे। अब इन सीटों पर नए जनप्रतिनिधि चुनने के लिए चुनाव कराया जाएगा।
9 सितंबर से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उपचुनाव का नोटिफिकेशन 9 सितंबर 2026 को जारी किया जाएगा। इसी दिन से उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी। वहीं उम्मीदवार 19 सितंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
6 अक्टूबर को मतदान, 9 अक्टूबर को नतीजे
सभी छह सीटों पर एक ही चरण में 6 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 9 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। आयोग ने पूरी प्रक्रिया को 11 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल के मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान: विशेषज्ञ डॉक्टरों को मिलेगा NPA! कैंसर संस्थानों पर ₹800 करोड़ खर्च
इस्तीफे के बाद खाली हुईं सीटें
तमिलनाडु की मदुरंतकम सीट विधायक मरागथम कुमारवेल और धारापुरम सीट विधायक पी. सत्यभामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई। पश्चिम बंगाल की रेजीनगर सीट से हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट से विधायक सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद उपचुनाव हो रहा है। पुडुचेरी की थट्टांचावडी सीट एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी।
Reported By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती