बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। जी. कृष्णैया हत्याकांड में उनकी समय से पहले हुई रिहाई को अदालत ने रद्द कर
दिया है। कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के अंदर सरेंडर करने का निर्देश दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार की उस नीति पर भी सवाल उठाए, जिसके तहत सरकारी अधिकारी की हत्या के दोषी को समय से पहले जेल से रिहा होने का लाभ दिया गया था। अदालत का कहना है कि सरकार ने साल 2023 में बिना कोई ठोस वजह बताए रिहाई से जुड़े नियमों में बदलाव किया था।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला साल 1994 का है। उस समय गोपालगंज के जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में आनंद मोहन को दोषी पाया गया था और उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।

आनंद मोहन करीब 14 साल जेल में रहने के बाद बिहार सरकार की बदली हुई रिहाई नीति का फायदा उठाकर 24 अप्रैल 2023 को जेल से बाहर आ गए थे। हालांकि, जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सरकार के इस फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने आनंद मोहन की रिहाई को गलत ठहराते हुए आदेश रद्द कर दिया। कोर्ट ने कहा कि बिहार सरकार ने 2023 में रिहाई के नियमों में बदलाव करने के पीछे कोई ठोस वजह नहीं बताई।

अदालत के मुताबिक, सरकार यह साबित नहीं कर पाई कि इस बदलाव के पीछे कोई सही और सार्वजनिक हित से जुड़ा उद्देश्य था। इसी वजह से कोर्ट ने इस फैसले को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के खिलाफ माना। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी साफ किया कि जेल में लंबे समय तक रहने का मतलब यह नहीं है कि किसी दोषी को रिहाई का अधिकार अपने आप मिल जाएगा।

पीड़ित परिवार के अधिकार भी जरूरी

कोर्ट ने कहा कि किसी दोषी की रिहाई पर फैसला लेते समय सिर्फ उसके अधिकारों को नहीं देखना चाहिए। जिस व्यक्ति की हत्या हुई है, उसके परिवार के अधिकारों का भी ध्यान रखना जरूरी है।

अदालत के अनुसार, संविधान का अनुच्छेद 21 हर व्यक्ति को सम्मान और सुरक्षा के साथ जीने का अधिकार देता है। इसमें पीड़ित के परिवार के अधिकार भी शामिल हैं। इसलिए दोषी को राहत देते समय पीड़ित परिवार के हितों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। दोनों पक्षों के अधिकारों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

ये भी पढ़ें- बाबा साहेब के सम्मान के नाम पर कानून हाथ में! मऊ में युवकों की पिटाई पर उठे सवाल

उमा कृष्णैया को भी मिलेगा अपनी बात रखने का मौका

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बिहार सरकार चाहे तो उमा कृष्णैया को अपनी बात रखने का पूरा मौका देने के बाद आनंद मोहन की सजा में छूट देने के मामले पर दोबारा विचार कर सकती है। फिलहाल आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा। अदालत के इस फैसले से उनकी समय से पहले हुई रिहाई पर रोक लग गई है।