उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट ने विवाद खड़ा कर दिया। पोस्ट से नाराज कुछ लोगों ने दो युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और गांव के एक ऊंचे चबूतरे पर हाथ जुड़वाकर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

बात दें कि यह पूरा मामला घोसी कोतवाली क्षेत्र के मानिकपुर जमीन हाजीपुर गांव के बलुआ टोला का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर को एक युवक और एक नाबालिग ने बाबा साहब आंबेडकर की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी। पोस्ट सामने आने के बाद कुछ लोगों ने विरोध जताया और दोनों लड़कों को पकड़ लिया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट करने के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई।

दोनों पक्षों के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामला पुलिस तक पहुंचने पर दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे लड़के के नाबालिग होने की बात सामने आई है। दूसरी ओर, जिन लोगों पर युवकों को जबरन पकड़ने, मारपीट करने और सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने का आरोप है, उनके खिलाफ भी पीड़ित परिवार की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

घोसी के सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी के मुताबिक, पुलिस को 23 नवंबर 2026 को वायरल वीडियो के जरिए इस मामले की जानकारी मिली थी। दोनों घटनाओं में मिली शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल गांव में शांति है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

आखिर कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसने दिया?

इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अगर किसी ने बाबा साहब आंबेडकर का अपमान किया है या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली है, तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए। शिकायत दर्ज कराना, पुलिस से जांच करवाना और अदालत से सजा दिलाना ही कानूनी रास्ता है।

लेकिन क्या किसी पोस्ट से नाराज होकर भीड़ को किसी को पकड़ने, पीटने और सरेआम माफी मंगवाने का अधिकार मिल जाता है? क्या सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी मंगवा देना न्याय है? अगर ऐसा ही चलता रहा तो फिर पुलिस, अदालत और कानून की जरूरत ही क्या रह जाएगी?

सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि जब एक पक्ष की गलती पर कार्रवाई हो सकती है, तो दूसरे पक्ष की ओर से हुई मारपीट और जबरदस्ती को भी उतनी ही गंभीरता से क्यों न देखा जाए?

बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान और समानता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया था। ऐसे में उनके सम्मान के नाम पर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ मारपीट करना और कानून को अपने हाथ में लेना किस तरह उचित ठहराया जा सकता है

गलत पोस्ट पर कार्रवाई जरूर होनी चाहिए, लेकिन भीड़ को सजा सुनाने का अधिकार नहीं दिया जा सकता। कानून सबके लिए बराबर है और उसका पालन दोनों पक्षों को करना होगा।

 ये भी पढ़ें- रोहतक में कानून का खौफ खत्म! ढाबे पर बेखौफ बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, चार युवकों की मौत