लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी (SP)और कांग्रेस के बीच लगातार खींचतान जारी है। इसी को लेकर अब केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस के पास आज अपना कोई मजबूत जनाधार नहीं है, इसलिए अपमान सहने के बावजूद उसे समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में बने रहना पड़ रहा है।
गठबंधन में आपसी सम्मान और विश्वास होना जरूरी
चिराग पासवान ने गुरुवार को कहा कि गठबंधन में आपसी सम्मान और विश्वास होना जरूरी है। लेकिन जब एक पार्टी दूसरी पार्टी को कमजोर करने और नीचा दिखाने की कोशिश करे, तो ऐसे गठबंधन की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लड़ने के लिए कांग्रेस के पास कोई दूसरा ऑप्शंस नहीं बचा है। चिराग पासवान ने कहा कि सीट-शेयरिंग को लेकर समाजवादी पार्टी बार-बार कांग्रेस को बेइज्जत कर रही है और अपनी मर्जी से अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही है।
कांग्रेस के पास कोई ऑप्शन नहीं बचा है: चिराग पासवान
इस संदर्भ में चिरागपासवान ने कहा कि, “अगर आप गठबंधन धर्म की इज्ज़त नहीं रख रहे हैं तो यह गठबंधन कहां का है? अगर कांग्रेस बेइज्जती की इस कड़वी गोली को निगलने के बाद भी उनके साथ है, तो यह दिखाता है कि आज कांग्रेस के पास अपनी कोई ज़मीन नहीं है; उनके पास कोई ऑप्शन नहीं बचा है, इसीलिए वे बेइज्जत होने के बावजूद साथ रहेंगे।” उन्होंने सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें देने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस 180 से ज्यादा सीटों की उम्मीद कर रही है, जबकि दूसरी तरफ सपा की ओर से उसे केवल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया जा रहा है। ऐसे में गठबंधन में मान-सम्मान और स्वाभिमान कहां रह जाता है?
SP के उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर चिराग ने जताई आपत्ति
चिराग पासवान ने समाजवादी पार्टी (SP) द्वारा सीट बंटवारे के बीच पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने इसकी तुलना बिहार में आरजेडी के उम्मीदवारों की घोषणा से करते हुए कहा कि बातचीत के दौरान ही उम्मीदवार घोषित करना गठबंधन की मर्यादा के खिलाफ है। चिराग ने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि INDIA गठबंधन के सहयोगी दल एक-दूसरे को कमजोर करने में लगे हैं और इस तरह की खींचतान से गठबंधन के भीतर मतभेद और बढ़ सकते हैं।