अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस ने अवैध रूप से भारत में दाखिल होने के आरोप में 12 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अलीगढ़ पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। इस मामले में पूछताछ के बाद पकड़े गए लोगों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे अवैध तरीके से भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे।
अवैध रूप से भारत में घुसे 12 बांग्लादेशी गिरफ्तार
इस मामले में अलीगढ़ के SSP आदित्य बंसल ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर ID कार्ड, बैंक बचत खाते से जुड़े दस्तावेज और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के कार्ड बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इनके पास से मिले मोबाइल फोन की जांच में बांग्लादेश में रहने वाले उनके रिश्तेदारों के साथ कॉल और मैसेज के सबूत मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
संबंधित कानूनी धाराओं के तहत पुलिस ने किया केस दर्ज
अलीगढ़ पुलिस के मुताबिक, गैर-कानूनी तरीके से भारत में घुसे पकड़े गए आरोपियों में 12 लोग शामिल हैं। जिनमें 8 बालिग और 4 नाबालिग लोग हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 12 लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र किसकी मदद से बनवाए गए और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।