नई दिल्ली: देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने 25 नवंबर को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि SIR के दौरान वोटर लिस्ट में दर्ज गलतियों को मौजूदा स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) के दौरान ठीक किया जाए।
संबंधित जानकारी से तुलना करके वोटर लिस्ट किया जाएगा सुधार
इसे लेकर चुनाव आयोग ने कहा है कि SIR के दौरान इकट्ठा किए गए मतदाताओं केआंकड़ों का मौजूदा वोटर लिस्ट में दर्ज जानकारियों से मिलान किया जाए और संबंधित जानकारी से तुलना करने के बाद Form 8 का इस्तेमाल करकेउसे ठीक किया जाए। इसमें मतदाता का नाम, पिता या अन्य रिश्तेदार का नाम, रिश्ते का प्रकार, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और फोटो जैसी जानकारियां शामिल की गई हैं। इस दौरान दोनों रिकॉर्ड में अंतर मिलने पर संबंधित एंट्री को चिह्नित कर उसकी जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) संबंधित मतदाता के घर जाकर उसकी जानकारी का सत्यापन करेंगे।
AERO और ERO करेंगे मतदाता सूची की जांच
बूथ लेवल ऑफिसर की जांच के दौरान अगर किसी विवरण में सुधार की जरूरत होगी, तो मतदाता द्वारा भरा हुआ हस्ताक्षरित Form-8 लिया जाएगा। इसके बाद सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) आवेदन की जांच कर नियमानुसार फैसला लेंगे। इसे लेकर चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदाता की व्यक्तिगत जानकारी में बदलाव केवल Form-8 के जरिए ही किया जाएगा। इसके साथ ही इसके लिए संबंधित मतदाता की सहमति और सक्षम अधिकारी की मंजूरी जरूरी होगी। केवल डिजिटल या ऑटोमेटेड डेटा मिलान के आधार पर किसी की जानकारी में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
SSR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची गलतियों में सुधार का मौका
चुनाव आयोग का यह निर्देश उत्तर प्रदेश समेत उन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए है, जहां SSR की प्रक्रिया चल रही है। दरअसल, SIR के दौरान वोटर लिस्ट में गलत नाम, जन्मतिथि और अन्य जानकारियां दर्ज होने को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। ऐसे में आयोग के इस निर्देश को मतदाता सूची की गलतियों को सुधारने और रिकॉर्ड को अधिक सटीक बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।