नवंबर का आखिरी सप्ताह चल रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 26 नवंबर को केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है।

दक्षिण भारत में कहां होगी बारिश और तेज हवाएं?

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, बिजली गिरने और गरज-चमक को लेकर चेतावनी दी है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, आंध्र प्रदेश, केरल और माहे में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बिजली गिरने और गरज-चमक की आशंका जताई गई है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में आज बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। कोहरे की वजह से सड़कों पर साफ दिखाई देना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में सुबह घर से निकलने वाले लोगों और वाहन चालकों को सावधानी बरतनी चाहिए।

जानिए यूपी और बिहार का हाल

यूपी में आज मौसम ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की प्रमुख चेतावनी में राज्य के लिए भारी बारिश या घने कोहरे का अलर्ट नहीं है। हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड महसूस हो सकती है। वहीं, बिहार में आज बारिश की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। ज्यादातर जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है।

पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम

हिमाचल के कुछ हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि, आज राज्य में भारी बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। सुबह के समय कम दृश्यता को देखते हुए लोगों को यात्रा के दौरान सावधान रहने की सलाह है। वहीं, उत्तराखंड में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई प्रमुख चेतावनी नहीं दी गई है। पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो सकती है।

राजस्थान में जानें मौसम का हाल

राजस्थान में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश या आंधी को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट के चलते सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ सकती है।

तमिलनाडु और केरलम में आज कैसा रहेगा मौसम?

तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान बिजली गिरने और तेज गरज-चमक की भी आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, केरलम और माहे में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके साथ ही बिजली गिरने, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

लक्षद्वीप में आज कैसा रहेगा मौसम?

लक्षद्वीप के कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।

पूर्वोत्तर राज्यों और ओडिशा में कोहरे की संभावना

असम, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा और ओडिशा के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छा सकता है। इसके कारण सड़कों पर दिखाई देने की दूरी कम हो सकती है। ऐसे में सुबह यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में वंदे मातरम् को लेकर विवाद, मौलवियों ने वीडियो जारी कर मांगी माफी, कहा-अनजाने में हुई...