Khatu Shyam Janmotsav 2026: देवउठनी एकादशी के अवसर पर 20 नवंबर को राजस्थान के सीकर स्थित खाटू धाम में बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। मंदिर कमेटी और प्रशासन ने सुगम दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एक दिन पहले ही गुरुवार की देर रात से ही पहुंचने लगी थी।जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मंदिर कमेटी ने दर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए इंतजाम किए हैं। जन्मोत्सव पर 56 भोग की झांकी सजाई गई, 101 किलोग्राम का केक काटा गया और बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही मंदिर परिसर व आस-पास के क्षेत्र को रंग बिरंगे फूलों, गुब्बारों और लाइटों से दरबार को सजाया गया है। इसके साथ ही जयकारों से गूंजता परिसर उत्सव का मुख्य आकर्षण है।
Devuthani Ekadashi 2026: देवउठनी एकादशी की पूजा कैसे करें? जानें भोग से लेकर भगवान विष्णु को जगाने की विधि
बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव यानी पाटोत्सव
राजस्थान के सीकर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटू धाम में आज 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव यानी पाटोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। 'हारे के सहारे' और 'लखदातार' बाबा श्याम के जन्मदिन को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। खाटू नगरी में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बाबा के दरबार को रंग-बिरंगे फूलों, गुब्बारों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। जन्मोत्सव पर बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा और उन्हें मावे का खास केक तथा छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
देवउठनी एकादशी पर मनाया जाता है बाबा श्याम का जन्मोत्सव
श्याम भक्तों की धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी को बाबा खाटू श्याम का प्राकट्य दिवस माना जाता है। इसी दिन हर साल बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस अवसर पर खाटू धाम में विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं और देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
फूलों और रोशनी से सजाया गया बाबा का दरबार
बाबा श्याम के पाटोत्सव को खास बनाने के लिए मंदिर परिसर को भव्य रूप दिया गया है। दरबार को सुगंधित फूलों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों ने मंदिर परिसर में देवी-देवताओं और भगवान के दशावतार की झांकियां भी तैयार की हैं। बाबा के विशेष श्रृंगार के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
20 नवंबर 2026 पंचांग: देवउठनी एकादशी का शुभ संयोग, जानें पूजा का मुहूर्त, राहुकाल और व्रत का महत्व
मावे के केक से मनाया जाएगा बाबा का जन्मदिन
जन्मोत्सव का सबसे खास आकर्षण बाबा श्याम को अर्पित किया जाने वाला मावे का केक है। श्रद्धालु अपने आराध्य का जन्मदिन मनाने के लिए अलग-अलग आकार के केक लेकर खाटू धाम पहुंच रहे हैं। कई भक्त एक किलो से लेकर क्विंटल तक के केक अर्पित करने की तैयारी में हैं। भक्त 'हैप्पी बर्थडे बाबा श्याम' और 'जय श्री श्याम' के जयकारों के साथ अपना उत्साह प्रकट करेंगे।
56 भोग और आठ विशेष आरतियों का होगा आयोजन
बाबा श्याम के पाटोत्सव पर मंदिर में छप्पन भोग की विशेष झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालु इस विशेष भोग के दर्शन कर सकेंगे। आमतौर पर मंदिर में पांच आरतियां होती हैं, लेकिन जन्मोत्सव के अवसर पर कुल आठ आरतियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें रात 12 बजे, 2 बजे और 4 बजे होने वाली विशेष आरतियां भी शामिल हैं।
24 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के पट
जन्मोत्सव पर देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर के पट 24 घंटे खुले रखने की व्यवस्था की गई है। मंदिर कमेटी ने दर्शन, यातायात और पार्किंग के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
निशान लेकर खाटू पहुंच रहे श्याम भक्त
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर देश के विभिन्न हिस्सों से भक्त निशान लेकर खाटू धाम पहुंच रहे हैं। पूरा क्षेत्र 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा' के जयकारों से भक्तिमय हो रहा है। श्रद्धालु बाबा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं।
क्यों खास है बाबा श्याम का जन्मोत्सव?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में भीम के पौत्र बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान किया था। उनकी भक्ति और त्याग से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। इसी मान्यता के चलते बाबा खाटू श्याम को शीश के दानी और हारे का सहारा कहा जाता है। देवउठनी एकादशी पर मनाया जाने वाला यह पाटोत्सव श्याम भक्तों के लिए विशेष आस्था और उल्लास का अवसर है।