लखनऊ: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने संविधान दिवस के मौके पर बहुजन समाज से राजनीतिक सत्ता हासिल करने का आह्वान किया है। इसे लेकर उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और अन्य वंचित समुदायों को सशक्त बनाने का मिशन तब तक अधूरा रहेगा, जब तक राजनीतिक सत्ता की मास्टर चाबी उनके अपने हाथों में नहीं होगी।
बहुजन समाज को अभी भी राजनीतिक सत्ता में अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिली
मायावती ने कहा कि देश को आजाद हुए कई दशक बीत चुके हैं और संविधान भी लागू हो चुका है। लेकिन, बहुजन समाज को अभी भी राजनीतिक सत्ता में अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि इस पर समाज को आत्ममंथन करने की जरूरत है।इस संदर्भ में BSP प्रमुख मायावती ने आरक्षण, गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान जैसे मुद्दों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारों को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का जवाब देना चाहिए।
‘आत्म-सम्मान और गरिमा’ का मिशन अधूरा रह गया है: मायावती
इस दौरान बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बाबा साहेब के उस विचार का भी उल्लेख किया, जिसमें राजनीतिक सत्ता को विकास और प्रगति की मास्टर चाबी बताया गया है। उन्होंने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर का ‘आत्म-सम्मान और गरिमा’ का मिशन अधूरा रह गया है। मायावती ने कहा कि बहुजन समाज से इस बात पर सोचने की जरूरत है कि संविधान में बराबरी और अधिकार की गारंटी होने के बावजूद उन्हें अभी तक राजनीतिक सत्ता क्यों नहीं मिली है।
BSP की सरकारों ने सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति की नींव रखी
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए कहा कि अंबेडकर ने अपनी ज़िंदगी दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों और दूसरे पिछड़े वर्गों के शोषण और गुलामी से लड़ने के लिए समर्पित कर दी थी, जिसका मकसद लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया के ज़रिए उन्हें ‘रूलिंग क्लास’ यानी शासक वर्ग में बदलना था। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में BSP की चार सरकारों के दौरान सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति की मजबूत नींव रखी गई थी और पार्टी ने 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' के सिद्धांत पर काम किया।