लखनऊ: करवा चौथ के मौके पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में त्योहार की रौनक देखने को मिली। भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता रवि किशन अपनी पत्नी प्रीति शुक्ला के साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने खास अंदाज में करवा चौथ का त्योहार मनाया। वहीं, दूसरी ओर आगामी दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

पत्नी प्रीति के साथ करवा चौथ मनाने पहुंचे रवि किशन

करवा चौथ सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं। वहीं इस अवसर पर रवि किशन अपनी पत्नी प्रीति शुक्ला के साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पहुंचे और करवा चौथ का त्यौहार मनाया।

दिवाली और छठ पर 24 घंटे मिलेगी बिजली

वही इस बीच त्योहारों के मद्देनजर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दीपावली और छठ के दौरान प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के समय बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने विजिलेंस टीमों की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संगठित बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय छोटे उपभोक्ताओं को परेशान करना उचित नहीं है। विजिलेंस टीमें अपनी कार्यशैली में सुधार करें और आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न करें।

झटपट पोर्टल पर लंबित आवेदनों का हो निस्तारण

झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए बड़ी संख्या में आवेदन लंबित रहने और बिना उचित कारण आवेदन निरस्त किए जाने पर ऊर्जा मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग से राहत देने के लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने को कहा। साथ ही नवसृजित नगर पंचायतों में भी मुख्यालयों की तरह बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट देने के लिए तैयार है।

बिजली बिल में 9.70 प्रतिशत राहत, रिश्वत मांगने वालों पर कार्रवाई

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बिजली बिल में 9.70 प्रतिशत की राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस फैसले से लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

वहीं, बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मांगने की शिकायत पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने तत्काल जांच कराने और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें: 839 करोड़ रुपये, 5 कंपनियां और गायब टेंडर फाइलें... DGHS मेडिकल घोटाले में ACB का बड़ा खुलासा