बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा के लिए इस बार का करवा चौथ बेहद यादगार बन गया। एक्ट्रेस ने अपने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ इस त्योहार को खास अंदाज में मनाया। हालांकि, इस सेलिब्रेशन में सबसे खास रहा निक का सरप्राइज, जिसने प्रियंका को भावुक कर दिया। पति का प्यार देखकर एक्ट्रेस अपनी खुशी जाहिर करने से खुद को रोक नहीं पाईं।
प्रियंका ने सोशल मीडिया पर अपने करवा चौथ सेलिब्रेशन की कुछ खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने बताया कि निक उनके लिए इस त्योहार की अहमियत को कितनी अच्छी तरह समझते हैं। खास बात यह है कि प्रियंका के कुछ कहने से पहले ही निक ने उनके लिए घर आने का इंतजाम कर लिया था।
प्रियंका के लिए टूर छोड़कर घर पहुंचे निक जोनस
प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि निक ने अपने बिजी शेड्यूल के बावजूद करवा चौथ के मौके पर उनके साथ रहने का फैसला किया। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्होंने निक से घर आने की मांग भी नहीं की थी, लेकिन पति ने खुद ही अपने टूर का कार्यक्रम इस तरह बनाया कि वह त्योहार पर उनके साथ रह सकें।
प्रियंका ने अपने पोस्ट में निक के इस प्यार और प्रयास के लिए आभार जताया, उन्होंने अपने पति की तारीफ करते हुए लिखा कि उनके जैसा जीवनसाथी मिलना किसी खूबसूरत तोहफे से कम नहीं है, साथ ही उन्होंने सभी के लिए ऐसे ही प्यार और साथ की कामना भी की।
View this post on Instagram
लाल जोड़े में नजर आई प्रियंका
करवा चौथ के खास मौके पर प्रियंका चोपड़ा लाल रंग के सलवार सूट में दिखाई दी, उनका पारंपरिक और सादा अंदाज फैंस को काफी पसंद आया। वहीं, निक जोनस सफेद रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए।
इस सेलिब्रेशन में कपल की बेटी मालती मैरी भी शामिल हुईं, उन्होंने अपनी मां से मिलता-जुलता लाल रंग का आउटफिट पहना था। तीनों की तस्वीरों में परिवार के बीच खूबसूरत बॉन्डिंग देखने को मिली। सोशल मीडिया पर प्रियंका की ये तस्वीरें उनके फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गईं।
ये भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन रैली टालने की मांग, व्यापारिक संगठनों ने अखिलेश और ममता को लिखा पत्र
फिल्म 'वाराणसी' को लेकर भी सुर्खियों में हैं प्रियंका
पर्सनल लाइफ के अलावा प्रियंका चोपड़ा अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। इन दिनों उनकी आने वाली फिल्म 'वाराणसी' को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर एसएस राजामौली कर रहे हैं।
इस प्रोजेक्ट के जरिए प्रियंका पहली बार राजामौली के निर्देशन में काम करती नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में उनकी जोड़ी पहली बार महेश बाबू के साथ दिखाई देगी। बड़े स्तर पर तैयार हो रही इस फिल्म को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं और इसकी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।