Gujarat News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। । इस दौरान वे कई बड़े कार्यक्रमों और परियोजनाओं में शामिल होंगे। पीएम बनासकांठा में 14000 करोड़ रूपये से ज्यादा की अलग-अलग विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पीएम अपने इस 2 दिवसीय दौरे के बीच प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 19000 करोड़ रूपये की राशि किसानों के खातों में जारी करेंगे।

शाम नर्मदा आरती में होंगे शामिल

वह 30 अक्तूबर यानी आज शाम को एकता नगर का दौरा करेंगे। पीएम यहां 'भारत पर्व 2026' का उद्घाटन करेंगे। शूलपानेश्वर नर्मदा घाट पर आयोजित होने वाली नर्मदा आरती में शामिल होंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी एरिया डेवलपमेंट एंड टूरिज्म गवर्नेंस अथॉरिटी' द्वारा 15.10 करोड़ रुपये की लागत से शूलपानेश्वर नर्मदा घाट के अपग्रेड को जायजा लेंगे। प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2A (एयरपोर्ट एक्सटेंशन) और फेज-2B (GIFT सिटी एक्सटेंशन) की आधारशिला रखेंगे और दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही पीएम बनासकांठा में 'भारत बोइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

राष्ट्र के नाम इन परियोजनाओं को समर्पित करेंगे

पीएम मोदी का गुजरात दौरा इस बार बेहद खास होने वाला है। 30 और 31 अक्तूबर 2026 को पीएम गुजरात के कारण बनासकांठा और एकता नगर में 14,400 करोड़ रूपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। पीएम मोदी इन परियोजनाओं का उद्घाटन कर राष्ट्र के नाम इन परियोजनाओं को समर्पित करेंगे।

देश के किसानों को तोहफा

गुजरात दौरे के समय पीएम मोदी देश के किसानों को पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त के तौर पर 19000 करोड़ रूपये की सौगात जारी करेंगे। वह सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के खास मौके पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस की अगुवाई करेंगे।

विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

30 अक्तूबर को पीएम के कार्यक्रम की शुरूआत 9:30 बजे बनासकांठा में होगी। जहां वह एम्ब्रियों ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर कैंटल फार्म का निरीक्षण करेंगे। सुबह लगभग 10:30 बजे बनासकांठा के भिलडी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री 14,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

1. देश का पहला कांकरेज नस्ल अनुसंधान केंद्र

बनासकांठा में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) स्थापित किया गया है। करीब 127 एकड़ में फैला यह केंद्र अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया गया है।

यह केंद्र विशेष रूप से गुजरात की प्रसिद्ध कांकरेज मवेशी नस्ल के संरक्षण, पशु प्रजनन और आनुवंशिक सुधार के लिए समर्पित है। इसके जरिए पशुओं की नस्ल सुधार और प्रजनन की प्रक्रिया को 10 से 20 गुना तक तेज करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे देश में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को नई दिशा मिल सकती है।

2. अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 का होगा विस्तार

शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 के दो महत्वपूर्ण हिस्सों की आधारशिला रखी जाएगी।

फेज-2A: कोटेश्वर रोड से अहमदाबाद एयरपोर्ट तक 6 किलोमीटर से अधिक लंबा कॉरिडोर विकसित होगा। इसमें कुल 5 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
फेज-2B: GIFT सिटी से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर से अधिक लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसमें 3 स्टेशन होंगे।
इन परियोजनाओं से अहमदाबाद और आसपास के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

3. अहमदाबाद-मेहसाणा हाईवे होगा 8 लेन

सड़क परिवहन को गति देने के लिए अहमदाबाद-मेहसाणा रोड (SH-41) को अपग्रेड करने की योजना है। करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत मौजूदा 4-लेन हाईवे को 8-लेन में विकसित और मजबूत किया जाएगा। इससे अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच आवागमन अधिक तेज, सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगा। साथ ही व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

4. 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला

महिलाओं और बच्चों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए गुजरात में बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की शुरुआत की जाएगी। करीब 800 करोड़ रुपये की लागत वाली इस पहल के तहत 4,030 नए आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि पहले से तैयार 361 केंद्रों का उद्घाटन होगा। इस योजना से 4 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

5. कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर की 521 परियोजनाएं होंगी समर्पित

कृषि क्षेत्र में भंडारण और प्रसंस्करण सुविधाओं को मजबूत करने के लिए एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत पूरी की गई 521 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी। इन परियोजनाओं पर करीब 4,950 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

6. डेयरी क्षेत्र को मिलेगी नई तकनीक की ताकत

गुजरात के डेयरी उद्योग को आधुनिक बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। सनादर में आलू प्रसंस्करण संयंत्र के विस्तार का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं, पालनपुर में अल्ट्रा-हाई-टेम्परेचर (UHT) उत्पादों के लिए ऑटोमेटेड स्टोरेज एंड रिट्रीवल सिस्टम (ASRS) की शुरुआत होगी। इन परियोजनाओं से खाद्य प्रसंस्करण और डेयरी उत्पादों के भंडारण की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

7. दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी

रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इनमें शामिल हैं:

अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस
मेहसाणा-बेचाराजी-साबरमती MEMU ट्रेन
इन सेवाओं से यात्रियों को आवागमन के नए विकल्प मिलेंगे और क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूती मिलेगी।

8. बनास डेयरी के दो बायो-CNG प्लांट की रखेंगे आधारशिला

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए बनास डेयरी के तहत दो बायो-CNG संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।

थराद प्लांट: प्रतिदिन 75 मीट्रिक टन गोबर प्रसंस्करण क्षमता।
राधनपुर प्लांट: प्रतिदिन 100 मीट्रिक टन गोबर प्रसंस्करण क्षमता।
इन संयंत्रों से गोबर का बेहतर उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन किया जा सकेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण दोनों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

9. किसानों के खातों में आएंगे 19 हजार करोड़ रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के किसानों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया गया है। पीएम मोदी किसानों के खातों में योजना की 24वीं किस्त के रूप में करीब 19,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे। इसके अलावा 1.46 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फैले 12 बागवानी क्लस्टरों के काम की शुरुआत भी की जाएगी। इन परियोजनाओं से 1.3 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

31 अक्टूबर को सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस

प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात दौरे का दूसरा दिन देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित रहेगा। 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर उनकी विशाल प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस मौके पर एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

 

शाम 5:30 बजे होगा भव्य राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह

सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को शाम करीब 5:30 बजे एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs), राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की टुकड़ियां अनुशासित परेड में हिस्सा लेंगी। इस वर्ष परेड में वामपंथी उग्रवाद यानी नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की सफलताओं और प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास की दिशा में हुए बदलाव को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

 गुजरात दौरे में विकास और राष्ट्रीय एकता पर रहेगा जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दो दिवसीय गुजरात दौरा कृषि, पशुपालन, डेयरी, रेलवे, मेट्रो, सड़क परिवहन और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। एक तरफ जहां बनासकांठा में किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली परियोजनाओं की शुरुआत होगी, वहीं दूसरी तरफ एकता नगर में सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: तवांग बना अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का केंद्र! 14वें टूरिज्म मार्ट में 22 देशों की भागीदारी, 8 पूर्वोत्तर राज्यों के पर्यटन की दिखी झलक