कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बीजेपी सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को नई 'कानपुर एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच दोनों दिशाओं में चलेगी। इस नई दैनिक ट्रेन सेवा से कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा।
428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन
नई कानपुर एक्सप्रेस करीब 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन में आधुनिक एलएचबी (LHB) तकनीक के 22 कोच लगाए गए हैं। इस रूट पर ट्रेन कई प्रमुख शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ेगी। इससे कारोबारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी कानपुर एक्सप्रेस
नई ट्रेन कानपुर से आनंद विहार के बीच कई महत्वपूर्ण शहरों को कनेक्ट करेगी। इसके प्रमुख ठहराव और उनसे जुड़े क्षेत्रों में शामिल हैं।
फफूंद: औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों, एनटीपीसी और गेल पाता को कनेक्टिविटी मिलेगी।
इटावा: कृषि गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण शहर।
टूंडला: फिरोजाबाद के कांच उद्योग को रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
हाथरस: हींग प्रसंस्करण, पीतल के सामान और कृषि आधारित उद्योगों के लिए प्रसिद्ध।
अलीगढ़: ताला उद्योग और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए जाना जाता है।
खुर्जा: सिरेमिक और मिट्टी के बर्तनों के उद्योग का प्रमुख केंद्र।
दादरी: महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक हब।
गाजियाबाद: एनसीआर का प्रमुख औद्योगिक केंद्र।
इसके बाद ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी, जो राजधानी का एक प्रमुख मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब है।
कानपुर को मिलेगी बुलेट ट्रेन की सौगात, दिल्ली का सफर 1 घंटा 45 मिनट में
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कार्यक्रम में कानपुर के लोगों को नई ट्रेन सेवा की बधाई दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस नई रेल सेवा के लिए कानपुरवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
बुलेट ट्रेन परियोजना का जिक्र करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि नॉर्थ हाईस्पीड रेल कॉरिडोर कानपुर के विकास में नया अध्याय जोड़ेगा। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा। इसके आगे इसे पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक विस्तारित करने की योजना है।
इस परियोजना के शुरू होने के बाद दिल्ली से कानपुर का सफर करीब 1 घंटा 45 मिनट में पूरा हो सकेगा। वहीं, लखनऊ से कानपुर की दूरी लगभग 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज की दूरी करीब 1 घंटा 15 मिनट में तय होने का अनुमान है।
अनवरगंज-मंधना के बीच बनेगा 16 KM लंबा एलिवेटेड ट्रैक
रेल मंत्री ने कानपुर की एक बड़ी समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अनवरगंज से मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इससे रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।
वैष्णव के मुताबिक, इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और जरूरी मंजूरियां भी मिल गई हैं। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन का भी हो रहा पुनर्विकास
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम तेजी से चल रहा है। आने वाले समय में शहर में रेलवे से जुड़ी कई अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भी काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में बीजेपी सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर का खोया हुआ गौरव वापस लाने का संकल्प अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि कानपुर में बुलेट ट्रेन के ठहराव की घोषणा से शहर के लोगों में खुशी है। अवस्थी ने अनवरगंज-मंधना रेल सेक्शन पर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग को मंजूरी मिलने पर भी खुशी जताई।
इस मौके पर कानपुर नगर निगम की महापौर प्रमिला पांडेय, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
और पढ़ें: यूपी समेत 4 राज्यों में जनगणना का दूसरा चरण शुरू, 30 नवंबर तक ऑनलाइन भर सकेंगे जानकारी; जानें पूरा प्रोसेस