Sonia Gandhi Memoir: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को अपनी आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन के दौरान किताब लिखने की वजह बताई।  उन्होंने कहा कि उनके परिवार को लेकर लंबे समय से कई ऐसी कहानियां और बातें फैलाई जा रही हैं, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। इसी वजह से उन्होंने अपनी जिंदगी, अनुभवों और परिवार के बारे में अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए संस्मरण लिखने का फैसला किया।

सोनिया गांधी ने कहा,  "उनकी सास, पति, बेटे, बेटी और खुद उनके बारे में कई तरह की कहानियां गढ़ी गई हैं। इनमें से ज्यादातर बातें वास्तविकता से बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनके सहयोगियों और दोस्तों ने भी इस तरह की परिस्थितियों का सामना किया होगा। लोगों के बारे में कहानियां बनाई जाती हैं, झूठ फैलाया जाता है और ऐसी बातें कही जाती हैं, जो सच्चाई से काफी दूर होती हैं।"

लोगों तक अपनी कहानी पहुंचाना चाहती थी

किताब लिखने के उद्देश्य पर सोनिया गांधी ने कहा, "मेरे परिवार के बारे में बहुत कुछ कहा जा रहा है। मेरी सास, मेरे पति, मेरे बेटे, मेरी बेटी और मेरे बारे में कई बातें कही जाती हैं। इनमें से ज्यादातर बातें अवास्तविक हैं और उनका हमारे जीवन से कोई लेना-देना नहीं है। मैंने सोचा कि यह अपने विचार और भावनाएं सामने रखने का एक तरीका हो सकता है। मैं अपने परिवार के बारे में जो जानती हूं, उसे साझा करना चाहती थी। शायद लोग मेरी कहानी सुनने के लिए भी तैयार होंगे।"

आलोचना और तारीफ दोनों पर जताया आभार

सोनिया गांधी ने अपनी किताब को पाठकों से मिले प्यार और प्रतिक्रिया पर भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''किताब को लेकर लोगों ने जिस तरह का स्नेह दिखाया है, उससे वह अभिभूत हैं। यहां तक कि आलोचकों की प्रतिक्रियाओं ने भी उन्हें प्रभावित किया है।"

उन्होंने कहा, "कुछ प्रतिक्रियाएं वास्तविक और ईमानदार हैं, जिनमें लोग खुलकर अपनी राय रखते हैं। हालांकि, कुछ टिप्पणियां काफी कठोर और आहत करने वाली भी हैं। सोनिया गांधी ने कहा कि आलोचना जरूरी है और लोग अपनी सोच के अनुसार प्रतिक्रिया देने के लिए स्वतंत्र हैं।"

राहुल और प्रियंका समेत कई बड़े नेता रहे मौजूद

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में उनके बेटे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद रहीं। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहीं।

सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा बटोरी। अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को खास बना दिया।

और पढ़ें: ‘शुरुआत में मुश्किल था, फिर…’, 544 पन्नों की किताब लॉन्च पर सोनिया गांधी ने साझा किया अनुभव