Census 2027:  जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की प्रक्रिया सोमवार से उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और उत्तराखंड के गैर-बर्फीले इलाकों में शुरू हो गई है। इस चरण के तहत लोग 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए केंद्र सरकार ने सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा शुरू की है।

गृह मंत्रालय के मुताबिक, जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (Houselisting and Housing Census) का काम मणिपुर को छोड़कर देश के सभी 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पूरा हो चुका है। इसके बाद अब दूसरे चरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

यूपी समेत इन राज्यों में कब होगी घर-घर जनगणना?

उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और उत्तराखंड के गैर-बर्फीले क्षेत्रों में ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे।

इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का काम किया जाएगा। इन राज्यों और क्षेत्रों के लिए जनगणना की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।

बाकी राज्यों में कब शुरू होगी जनगणना?

गृह मंत्रालय के अनुसार, देश के बाकी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का काम होगा।

इन राज्यों में सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी। यहां जनगणना की संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।

पहली बार डिजिटल तरीके से होगी जनगणना

जनगणना 2027 कई मायनों में खास है। पहली बार जनगणना डिजिटल माध्यमों से कराई जा रही है। इसके तहत लोगों को खुद ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कराने का विकल्प भी दिया गया है। यह सुविधा 16 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी।

सेल्फ-एन्यूमरेशन के लिए लोगों को आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां मोबाइल नंबर और कुछ जरूरी जानकारियां दर्ज करके लॉगिन किया जा सकता है। इसके बाद परिवार और घर से जुड़ी 40 निर्धारित जानकारियों वाले सवालों के जवाब देने होंगे।

कैसे करें ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन?

जनगणना के दूसरे चरण में ऑनलाइन जानकारी दर्ज कराने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें।

  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाएं।
  2. अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करें। पहले चरण में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करना बेहतर होगा।
  3. मांगी गई बुनियादी जानकारी दर्ज करें।
  4. घर और परिवार के सदस्यों से जुड़े 40 निर्धारित सवालों के जवाब दें।
  5. सभी जानकारियां जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें।
  6. सफलतापूर्वक सबमिट होने पर आपको एक यूनिक सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) मिलेगी।
  7. जब जनगणनाकर्मी आपके घर आएं तो उन्हें यह SE ID उपलब्ध कराएं।

ऑनलाइन जानकारी नहीं भरने वालों का क्या होगा?

गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सेल्फ-एन्यूमरेशन पूरी तरह वैकल्पिक सुविधा है। जिन परिवारों के पास ऑनलाइन जानकारी भरने की सुविधा नहीं है या जो खुद जानकारी दर्ज नहीं करना चाहते, उनके घर जनगणनाकर्मी पहले की तरह पहुंचेंगे।

यानी ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरने पर किसी परिवार की जनगणना छूटेगी नहीं। सभी निर्धारित क्षेत्रों में जनगणनाकर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।

जनगणना में दी गई जानकारी रहेगी गोपनीय

गृह मंत्रालय ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि जनगणना के दौरान एकत्र की गई सभी जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इनका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों और विकास संबंधी योजनाएं तैयार करने के लिए किया जाएगा। 

सरकार ने नागरिकों से जनगणना में सक्रिय रूप से भाग लेने और जनगणनाकर्मियों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की है।

और पढ़ें; ‘मेरे परिवार को लेकर अफवाहें फैलाई जा रहीं…’ सोनिया गांधी ने बयां किया दर्द, बताई आत्मकथा लिखने की असली वजह