PM Modi Manila Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी फिलीपींस यात्रा के दौरान मंगलवार, 17 नवंबर को मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम के साथ गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत होगी। पीएम मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व वाले स्थान से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात होगी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि गुरुद्वारा खालसा दीवान 100 साल से अधिक पुराना है और सिख समुदाय के लिए इसका विशेष महत्व है। उन्होंने दुनिया भर में सिख समुदाय के योगदान की भी सराहना की। पीएम मोदी के मुताबिक, गुरु साहिबान की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय सेवा और मानव कल्याण के कामों में आगे रहा है।

1929 में हुई थी गुरुद्वारा खालसा दीवान की स्थापना

मनीला में स्थित गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा माना जाता है। इसकी स्थापना साल 1929 में कुछ पंजाबी प्रवासियों ने की थी। उस समय फिलीपींस में सिख समुदाय छोटा था, लेकिन इस गुरुद्वारे ने वहां रहने वाले भारतीयों को एक धार्मिक और सामाजिक केंद्र उपलब्ध कराया। समय के साथ यह गुरुद्वारा मेट्रो मनीला में रहने वाले सिख समुदाय के लिए अहम स्थान बन गया। यहां धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामुदायिक गतिविधियां भी होती रही हैं। अब इसके पुनर्विकास से जुड़ा कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।

भारतीय समुदाय से मिले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस के दौरे पर हैं। मनीला पहुंचने पर उन्होंने एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनका स्वागत किया और उनके साथ बातचीत को अपने लिए खास अनुभव बताया। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत के दौरान अयोध्या जाने के बारे में भी पूछा। फिलीपींस में पिछले दो साल से रह रहे रोहित नाम के एक व्यक्ति ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या वे अयोध्या गए हैं। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में अयोध्या जरूर जाएंगे। भारतीय समुदाय के सदस्य दिनेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री से मुलाकात को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। वहीं, पंकज नाम के एक अन्य सदस्य ने विदेशों में भारतीयों को मिल रहे सम्मान का जिक्र किया।

रामायण की प्रस्तुति भी देखने पहुंचे प्रधानमंत्री

मनीला पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने ‘सीता: द रामायण रिविजिटेड’ नामक नाट्य प्रस्तुति भी देखी। इसका मंचन इलिगन सिटी के इंटीग्रेटेड परफॉर्मिंग आर्ट्स गिल्ड (IPAG) ने किया। इस प्रस्तुति के जरिए रामायण की उस सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया, जिसका प्रभाव भारत के साथ दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों में भी दिखाई देता है। कार्यक्रम में भारतीय और फिलिपिनो मूल के विद्यार्थियों ने पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ भी किया।

ASEAN और पूर्वी एशिया सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे मोदी

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से भी अहम है। मनीला में 49वां ASEAN शिखर सम्मेलन और उससे जुड़े कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस ने सोमवार को मनीला के फिलीपीन इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में विदेशी नेताओं और प्रतिनिधियों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया। इसमें प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने फिलीपींस की पारंपरिक औपचारिक पोशाक ‘बारोंग तागालोग’ पहनी थी। इस बार ASEAN सम्मेलन की मेजबानी फिलीपींस कर रहा है। इसमें क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री विवाद, आर्थिक सहयोग और बदलते वैश्विक हालात जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। ऐसे में पीएम मोदी की यात्रा धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।